
Archived
एसएसपी अजयपाल शर्मा के "ऑपरेशन ऑलआउट" के नतीजे रोज, 50 हजार का नक्सली किया गिरफ्तार
शिव कुमार मिश्र
27 March 2018 9:27 AM IST

x
नॉएडा में ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों से अपराधियों में दहशत व्याप्त, खुद कर रहे है सरेंडर
यूपी पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन ऑलआउट" के नतीजे उम्मीद से बढ़कर मिलने लगे हैं. योगी की पुलिस की सक्रियता के चलते राजधानी दिल्ली के पास से एक 50 हजार का इनामी नक्सली गिरफ्तार कर लिया गया है. जिस दिन से एसएसपी अजयपाल शर्मा शामली से ट्रांसफर होकर नोएडा आए हैं, राजधानी से सटे इस आपराधिक बहुलता वाले इलाके में धड़ाधड़ गिरफ्तारियां होने लगी हैं. अजयपाल शर्मा का खौफ इस कदर है कि उनके पदभार ग्रहण किए महज कुछ दिन ही हुए है, और कई कुख्यात अपराधी खुद थाने पहुंचकर सरेंडर करने लगे हैं. तो कुछ अस्पताल और जेल में नजर आ रहे है.
पुलिस ने बताया कि सोमवार की आधी रात के करीब 11.30 बजे नोएडा के सेक्टर 20 में शातिर नक्सली सुधीर भगत को गिरफ्तार किया गया. सुधीर भगत बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि सुधीर भगत एक नक्सली कमांडर रह चुका है. बीता रात नोएडा के हरौला का नजारा बेहद गहमा-गहमी वाला रहा. नोएडा के थाना सेक्टर 20 के अंदर सैकड़ों की तादाद में पुलिसकर्मी बेहद अलर्ट, हथियारों से लैस, लाइन से लगी गाड़ियां. चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है. अचानक नोएडा के नए कप्तान एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अजय पाल शर्मा अपनी गाड़ी में बैठकर एक बड़ी रेड पर निकल पड़ते हैं.
उनकी गाड़ी के पीछे-पीछे पुलिस की लगभग 20 गाड़ियों का काफिला होता है. जिसमें करीब 150 पुलिसकर्मी मौजूद हैं. अचानक पुलिस का ये काफिला नोएडा के हरौला के एक घर के पास रुक जाता है. एसएसपी अजय पाल शर्मा पिस्टल लेकर पैदल ही एक घर की तरफ चल देते हैं.करीब 4 मंजिला घर के एक कमरे पर जाकर रुकती है पुलिस और इसके बाद कमरे के बाहर लगे ताले को तोड़ा जाता है. अजय पाल शर्मा बेहद तेजी से साथी पुलिसकर्मी के साथ कमरे के भीतर दाखिल होते हैं और कमरे के अंदर से एक शख्स को पकड़कर बाहर लाते हैं.
यह संदिग्ध कोई और नहीं बल्कि बिहार का मोस्ट वांटेड नक्सली एरिया कमांडर सुधीर भगत है. मौके पर ही एसएसपी अजय पाल शर्मा ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह नक्सली एरिया कमांडर है और उसने कई ब्लास्ट किए हैं. पुलिस के मुताबिक, सुधीर भगत फर्जी पहचान पत्र के जरिए हरौला के मकान में साल 2015 से किराए पर रह रहा था. सुधीर भगत गाजियाबाद के मोदीनगर के दिव्य ज्योति इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई भी कर रहा था. सुधीर भगत पर आरोप है कि उसने बिहार में कई हत्याएं की हैं साथ ही उस पर कई नरसंहार में शामिल होने के आरोप भी हैं.
सेक्टर 20 पुलिस को इत्तला मिली थी कि यह इंजीनियर नक्सल एरिया कमांडर हरौला के घर में छुपा हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी की और सुधीर भगत को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को मौके से सुधीर भगत के पास से एक पिस्टल भी मिली है. फिलहाल पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि सुधीर भगत के और कौन-कौन से साथी यहां छिपे हुए हैं और किस तरह से वह नक्सल गतिविधियों को नोएडा में रहते हुए अंजाम दे रहे थे. फिलहाल पुलिस सुधीर भगत से पूछताछ में जुट गई है.
जबकि जिले के बिसरख थाने में चर्चित बीजेपी नेता शिव कुमार यादव हत्याकांड का आरोपी ने भी जाकर खुद बताया कि मुझे गिरफ्तार कर लो में ही हूँ आरोपी जिस पर 50 हजार का इनाम घोषित है. पुलिस के सामने उसने एक पिस्टल और कारतूस भी रखे. गिरफ्तार कर आरोपी को जेल भेजा गया.
Next Story




