
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पंचायत चुनाव से पहले...
पंचायत चुनाव से पहले आयोग की 75 जिलों के DM और SP से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, कहा- मतदान केंद्रों की कमियों को दूर करें

लखनऊ. पंचायत चुनाव में किसी भी तरह की कोई कमी ना रह जाए, इसके लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने गुरुवार को दिशा निर्देश दिए. आयुक्त मनोज कुमार प्रदेश के सभी 75 जिलों के DM और SP के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की. आयुक्त ने कहा कि सभी जिलाधिकारी और पुलिस वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का यह दायित्व होगा कि मतदान केंद्रों का वह स्वयं निरीक्षण कर आवश्यक कमियां समय से पूरी कर ले. अवांछनीय व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए. उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
आयोग के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों को आगामी 24 घंटों के अंदर कार्रवाई करके आयोग को जानकारी देनी होगी.इसके साथ ही शस्त्र दुकानों का औचक निरीक्षण कर आवश्यक अभिलेखों के अनुसार मिलान ना होने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. निष्पक्ष एवं पारदर्शिता से आगामी पंचायत सामान्य निर्वाचन संपन्न कराने के लिए पुलिस मूवमेंट का भी प्लान बनाया जाए. मनोज कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से सुनिश्चित कराया जाए.
अव्यवस्था पर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए
आयुक्त मनोज कुमार ने किसी भी अव्यवस्था अथवा अप्रिय घटना पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी नियत कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों का भी भौतिक सत्यापन करके आवश्यकता अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाए. उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए ही मतगणना केंद्र बनाए जाए ताकि परीक्षाओं में किसी प्रकार का व्यवधान ना होने पाए. उन्होंने कहा कि जनपदीय अधिकारियों द्वारा स्थानीय स्तर पर की जा रही कार्रवाईयों के प्रभाव का अध्ययन अवश्य किया जाए.
अवांछनीय व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाए
अपर निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने कहा कि अवैध शराब की तस्करी करने वाले अवांछनीय व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए. उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर पोलिंग बूथों का निरीक्षण स्वयं कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करा ली जाएं. उन्होंने यह भी कहा कि नामांकन की वीडियोग्राफी भी कराई जाए. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार के साथ अपर निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा, संयुक्त निर्वाचन आयुक्त केके गुप्ता एवं विशेष कार्य अधिकारी जयप्रकाश सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानून एवं व्यवस्था धर्मेंद्र यादव समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.




