प्रयागराज

प्रयागराज में ब्रेकर से उछलकर 5 बार पलटी कार, एक महिला का सिर धड़ से अलग होकर दूर जा गिरा, 6 की मौत

Shiv Kumar Mishra
27 Oct 2022 7:20 AM GMT
प्रयागराज में ब्रेकर से उछलकर 5 बार पलटी कार, एक महिला का सिर धड़ से अलग होकर दूर जा गिरा, 6 की मौत
x

प्रयागराज में आज सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। हंडिया टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार टवेरा कार 5 बार पलटी खाते हुए बिजली पोल से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के चार महिला और 2 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में एडमिट कराया गया है। ये सभी शिवगढ़ सोरांव के रहने वाले हैं। सभी प्रयागराज से विंध्याचल दर्शन के लिए जा रहे थे।

प्रयागराज पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह लगभग 6:40 बजे एक टवेरा गाड़ी (यूपी 78 बीक्यू 3601) बिजली के पोल से टकरा गई। गाड़ी में सवार एक ही परिवार के 10 लोगों में 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में 70 साल की महिला का सिर कट कर 10 फीट दूर जा गिरा। जबकि एक महिला का हाथ कट गया।

मरने वालों में 4 महिलाएं, 2 बच्चे

शिवगढ़ सोरांव की रहने वाली कृष्णा देवी पूरे परिवार के साथ विंध्याचल दर्शन के लिए निकली थीं। उन्होंने किराये पर कार मंगवाई थी। गुरुवार सुबह करीब 6.40 बजे हंडिया टोल प्लाजा से पहले अचानक कार बेकाबू हो गई और स्पीड ब्रेकर से उछलते हुए पोल से टकरा गई।

टोल से कुछ दूरी पर मौजूद थी PRV पुलिस

धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। घायलों को कार से बाहर निकाला गया। सुबह के वक्त टोल से कुछ दूरी पर PRV पुलिस भी मौजूद थी। पुलिस के आने के बाद घायलों को CHC उपरदहा भेजा गया।

रेस्क्यू के दौरान गाड़ी के अंदर से 6 शव निकाले गए। हादसे में 4 महिलाएं और 2 बच्चे समेत छह लोगों की मौत हुई है। शव SRN अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

पुलिस ने क्रेन मंगवाकर टवेरा हटवाई

ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ है। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर कार को हाईवे से हटवा दिया है।

हादसे में इनकी मौत हुई

जानकारी के अनुसार 70 साल की कृष्णा देवी पत्नी स्व. श्याम लाल परिवार के साथ विंध्याचल दर्शन करने के लिए निकलीं थीं। हादसे में कृष्णा देवी का सिर धड़ से अलग हो गया। मरने वालों में रेखा पत्नी संजय अग्रहरी उम्र 45 वर्ष, रेखा पत्नी रमेश उम्र 32 वर्ष, कविता पत्नी स्वर्गीय दिनेश उम्र 36 वर्ष, ओजस बेटा उम्र 1 वर्ष पुत्र उमेश अग्रहरि की मौत हो गई। वहीं इलाज के दौरान गोटू उम्र 12 वर्ष पुत्र रमेश की भी मौत हो गई। सभी लोग खेती बाड़ी का काम करते थे।

घायलों का चल रहा इलाज

वहीं, कार सवार अन्य 4 लोग घायल हैं। इनमें उमेश पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल, प्रिया पत्नी उमेश, ऋषभ पुत्र राम सजीवन अग्रहरि, ड्राइवर इरशाद के नाम हैं। SP ने बताया,"सूचना सुबह करीब 6:30 बजे मिली। गाड़ी में 10 लोग सवार थे। वे विंध्याचल की ओर जा रहे थे। घायलों को अस्पताल भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।"

Next Story