प्रयागराज

विधायक हत्याकांड में आरोपी हिस्ट्रीशीटर की कोरोना से मौत हो गई

Shiv Kumar Mishra
7 May 2021 11:46 AM GMT
विधायक हत्याकांड में आरोपी हिस्ट्रीशीटर की कोरोना से मौत हो गई
x

प्रयागराज में बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के आरोपी मो. अकबर की कोरोना से मौत हो गई है। अकबर यूपी का बड़ा हिस्ट्रीशीटर था। इसके खिलाफ प्रयागराज समेत कई जिलों में 20 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अकबर चर्चा में पहली बार तब आया जब बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद के साथ FIR में उसका भी नाम दर्ज किया गया।

अहमदाबाद जेल में है अतीक

माफिया अतीक अहमद अहमदाबाद जेल में बंद है। बताया जाता है कि अकबर, अतीक का खास आदमी था। पुलिस ने बताया कि अकबर प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र स्थित मरियाडीह गांव में रहता था। कुछ महीने पहले ही उसके घर को प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने JCB लगाकर गिरा दिया था।


कई दिनों से तबियत खराब थी

अकबर की तबियत कई दिनों से खराब थी। बाद में वह कोरोना संक्रमित भी हो गया था। जिसके बाद घरवालों ने उसे सिविल लाइंस स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसका शव गांव लाया गया और फिर सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

2005 में हुई थी राजू पाल की हत्या

25 जनवरी 2005 को राजू पाल की धूमनगंज थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या की गई थी। हत्याकांड के मुकदमे में पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, अकबर समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। हालांकि मामले की जांच जब CBI ने शुरू की तो अकबर को क्लीन चिट मिल गई थी। हालांकि CO सिविल लाइंस सुधीर कुमार का कहना है कि अकबर भू-माफिया के साथ ही शातिर अपराधी भी था।

Next Story