प्रयागराज

प्रयागराज में बना अजब संयोग, हाईकोर्ट से लेकर मंडल , जिला और शिक्षा संजय के हवाले

Shiv Kumar Mishra
13 Jun 2021 10:21 AM GMT
प्रयागराज में बना अजब संयोग, हाईकोर्ट से लेकर मंडल , जिला और शिक्षा संजय के हवाले
x

उत्तरप्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव अब मुख्य न्यायाधीश बन चुके हैं। यूपी राजभवन लखनऊ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिन में 12 बजे न्यायमूर्ति संजय यादव को पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलाई है।

न्यायमूर्ति संजय यादव ने रविवार को यानि आज राजभवन में इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायधीश पद की शपथ ग्रहण की है। यह शपथ उनको राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिलाई है। इस शपथ ग्रहण समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के विधि एवं कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव आरके तिवारी, डीजीपी एचसी अवस्थी तथा न्यायमूर्ति संजय यादव के परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव का कार्यकाल इसी महीने की 25 तारीख तक ही सीमित है। इससे पहले वह 14 अप्रैल से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में काम करते आ रहे थे।

अब हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय यादव बनने के बाद जिले के दो अधिकारी और मंडलायुक्त के पद पर भी संजय नाम के अधिकारी तैनात किये गये है। लिहाजा अब प्रयागराज जनपद की कमान संजय के हवाले है। इलाहाबाद में हाईकोर्ट केचीफ जस्टिस संजय यादव, लोकसेवा आयोग के चैयरमैन संजय श्रीनेत , मंडलायुक्त संजय गोयल , जिलाधिकारी संजय खत्री , बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुशवाहा है। लिहाजा प्रयागराज जिले में अब संजय का राज कायम है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने अब इलाहाबाद हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय यादव को यहीं मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर दिया है। केंद्रीय विधि मंत्रालय की ओर से गत गुरुवार को जारी हुई अधिसूचना के बाद उनकी नियुक्ति शपथ ग्रहण और कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी हो जाएगी। उनका कार्यकाल 13 दिन का ही होगा। वह 25 जून 2021 को रिटायर हो जायेंगे। इलाहाबाद हाईकोर्ट में उनकी मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति संबंधी अधिसूचना अपर सचिव विधि व न्याय राजिंदर कश्यप ने जारी कर दी है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव का जन्म 26 जून 1961 को हुआ था। वह 25 अगस्त 1986 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए थे। उन्होंने जबलपुर हाईकोर्ट में सिविल, रेवेन्यू के साथ संवैधानिक मामलों में वकालत भी थी। उन्होंने मार्च 1999 से अक्टूबर 2005 तक सरकारी अधिवक्ता के रूप में काम किया था। संजय यादव मध्य प्रदेश के डिप्टी एडवोकेट जनरल भी रह चुके हैं।

2 मार्च 2007 को वह मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के अपर न्यायाधीश नियुक्त हुए और जनवरी 2010 में स्थायी जज बन गए। वह दो बार मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रह चुके हैं। 8 जनवरी 2021 को वह मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से स्थानांतरित होकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश बने। इसके बाद यहां 14 अप्रैल से वह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के पद पर निरंतर कार्यरत रहे हैं।

Next Story