सहारनपुर

पांच बच्चों की मां की गला काट कर हत्या, जांच में जुटे अफसर

सुजीत गुप्ता
14 Jan 2022 10:28 AM GMT
पांच बच्चों की मां की गला काट कर हत्या, जांच में जुटे अफसर
x

जांच में जुटे अफसर

सहारनपुर के नागल थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर खेड़ी में शुक्रवार सुबह एक सनसीखेज वारदात हो गई। यहां पांच बच्चों की मां की गला काट कर हत्या कर दी गई। जंगल में उसकी गर्दन कटी लाश पड़ी मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सीओ और क्राइम ब्रांच की टीम ने फॉरेंसिक की मदद से घटनास्थल की जांच पड़ताल की।

जानकारी के अनुसार गांव रसूलपुर खेड़ी निवासी मिश्री लाल की पत्नी सीमा (35) गुरुवार की शाम चार बजे अपने मायके से आई थी। पति के अनुसार रात 10 बजे वह अचानक गायब हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह गांव के लोग जब खेतों की तरफ गए तो एक खेत में सीमा की गला कटी लाश पड़ी मिली।

इसके बाद मौके पर लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया। सूचना पर सीओ देवबंद दुर्गा प्रसाद तिवारी, थानाध्यक्ष बीनू चौधरी, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मृतका के पति ने पड़ोसी गांव निवासी ग्रामीण पर सीमा की हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि सीमा के आरोपी के साथ अवैध संबंध थे। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

मृतक महिला पांच बच्चों की मां थी। इनमें एक बेटा और चार बेटी हैं। सबसे बड़ा बेटा है, जिसकी उम्र 14 वर्ष है, जबकि सबसे छोटी बच्ची की उम्र मात्र दो साल है। सीमा की हत्या के बाद उसके बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Next Story