सहारनपुर

पसमांदा वर्ग के कद्दावर नेता फिरोज़ आफताब कांग्रेस में शामिल

Shiv Kumar Mishra
9 Oct 2023 6:53 PM GMT
पसमांदा वर्ग के कद्दावर नेता फिरोज़ आफताब कांग्रेस में शामिल
x
Prominent Pasmanda leader Firoz Aftab joins Congress

भाजपा के पसमांदा मुसलमानों के शिगूफे की काट ढूंढते हुए कांग्रेस ने सहारनपुर जैसे मुस्लिम समाज में महत्वपूर्ण जिले से उच्च शिक्षित कद्दावर नेता को कांग्रेस में शामिल करने में कामयाबी हासिल कर ली है। फिरोज़ आफताब चार बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और यूपी पश्चिमी के प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल के समक्ष पश्चिमी यूपी के पसमांदा मुसलमानों के बड़े नेता फिरोज़ आफताब को आज कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। फिरोज आफताब के आने से पश्चिमी यूपी के पसमांदा मुसलमानों में कांग्रेस ने पैठ बनाना शुरू कर दिया है।

समाजवादी पार्टी के सक्रिय नेता रहे फिरोज़ आफताब सहारनपुर के एक पुराने राजनीतिक परिवार की विरासत के उत्तराधिकारी भी हैं। देश की आजादी के समय उनके दादा चौधरी जफर विधायक हुआ करते थे तथा उनके बाद इनके चचा हाजी शमशाद भी विधायक रहे हैं।

हालांकि कुछ दिन पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित नेता इमरान मसूद भी कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं लेकिन इमरान मसूद का कद अब लगातार पार्टियां बदलने से घटने लगा है। इसलिए सहारनपुर से बाहर इमरान मसूद से ज्यादा फिरोज़ आफताब पार्टी के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित होंगे।

भाजपा ने पसमांदा मुसलमानों का जो राग छेड़ रखा था उसके लिए फिरोज़ आफताब जैसे मुखर और कुशल वक्ता को आगे लाकर पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। अब देखना है कि पार्टी फिरोज़ आफताब का कितना फायदा उठा पाती है।



Next Story