सहारनपुर

निकाय चुनाव में भाजपा की ओर बढ़ा मुस्लिम समुदाय का रुझान

Shiv Kumar Mishra
15 May 2023 10:27 AM GMT
निकाय चुनाव में भाजपा की ओर बढ़ा मुस्लिम समुदाय का रुझान
x
देवबन्द नगर पालिका में पहली बार भाजपा चेयरमैन, मुस्लिम बाहुल्य चिलकाना नगर पंचायत में भी पहली बार खिला कमल

सहारनपुर। कल सम्पन्न हुई निकाय चुनाव मतगणना में कुछ रोचक परिणाम सामने आए हैं जिससे पता चलता है कि अभी तक भाजपा से दूरी बनाए मुस्लिम समुदाय अब भारतीय जनता पार्टी को स्वीकार कर रहा है।

जनपद की नकुड़ विधानसभा में चिलकाना नगर पंचायत मुस्लिम बाहुल्य है, कुल 15012 मतों में मुस्लिम समुदाय की भागीदारी लगभग दस हज़ार है शेष 5 हज़ार में हिन्दू व दलित समुदाय है। इस नगर पंचायत में भाजपा के प्रत्याशी का चेयरमैन चुनाव जीतना किसी चमत्कार से कम नही लग रहा है वही भाजपा के रणनीतिकारों की बांछे खिल गए हैं। यहां भाजपा प्रत्याशी फूल बानो अंसारी ने 6346 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी बसपा के अकबर कुरेशी को 1236 मत से पराजित किया जो कि अपने आप में बड़ा आश्चर्य है। पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मात्र 738 मत ही प्राप्त कर पाए थे, इसके साथ ही 13 सदस्यों वाली इस नगर पंचायत में 9 सदस्य भाजपा के जीते हैं। यह सीट इस बार पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थी।

इसी प्रकार दारुल उलूम के लिए विख्यात देवबन्द नगर पालिका में भी पहली बार कमल खिला है। यहां कुल 82050 मतदाताओं में लगभग 52000 मुस्लिम मतदाता हैं। यहां से भाजपा प्रत्याशी विपिन गर्ग ने 22643 मत प्राप्त कर विजय हासिल की है उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की ज़ाहिर फातिमा को 17957 मत प्राप्त हुए जबकि पिछले निकाय चुनाव में भाजपा महज 12000 मत प्राप्त कर सकी थी।

बात करें सहारनपुर नगर निगम की तो यहाँ भी मुस्लिम समुदाय ने इस दफा भाजपा को अंगीकार करने की शुरुआत की है। मतगणना आंकड़ो के मुताबिक लगभग 8000 मत भाजपा प्रत्याशी को मिले हैं। गौरतलब है कि भाजपा महापौर प्रत्याशी की विजय 8000 मत से हुई है ऐसे में इन मुस्लिम मतों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। ध्यान देने लायक बात यह है कि इस निकाय चुनाव में मतदान प्रतिशत भी बहुत कम रहा।

फिलहाल भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ चंद्रमोहन इस परिवर्तन का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुरक्षा मॉडल को दे रहे है जिसमे बेहतर कानून व्यवस्था के चलते सभी वर्ग का समर्थन इस चुनाव में भाजपा को मिला है। भाजपा की ओर बढ़ा यह रुझान लोकसभा चुनाव में बड़ा गुल खिला सकता है।

Next Story