शामली

विधायक प्रकरण के बाद गर्माई कैराना की सियासत, भाजपा नेताओं ने विधायक पर किया पलटवार

Shiv Kumar Mishra
31 Oct 2020 12:58 PM GMT
विधायक प्रकरण के बाद गर्माई कैराना की सियासत, भाजपा नेताओं ने विधायक पर किया पलटवार
x
बोले, गलत आरोप पर हम जवाब देने के लिए सक्षम

शामली: दो दिन पूर्व कोतवाली में विधायक और कोतवाली प्रभारी के बीच झड़प मामले के बाद अब कैराना की सियासत गर्माती नजर आ रही है। विधायक की ओर से प्रेसवार्ता कर भाजपा नेता पर जो आरोप लगाए गए थे, अब भाजपा नेताओं की ओर से उन पर पलटवार किया गया है। एक भाजपा नेता ने यह भी कहा है कि गलत आरोप लगाने पर वह जवाब देने के लिए सक्षम हैं

हम जवाब देने में सक्षम : अनिल

भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल चौहान ने कोतवाली के निकट स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर कहा कि दो दिन पूर्व विधायक द्वारा थाने में कुछ अन्य साथियों के साथ में पहुंचकर कोतवाल के साथ बदतमीजी की गई। अब विधायक का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेता पर कई तरह के आरोप लगा रहे हैं। चौंतरा खत्म होने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं बताना चाहता हूं कि चौंतरा न खत्म हुआ, न होगा। पहले अपने परिवार को संभाल लें। उन्होंने कहा कि जमीन कब्जाने का काम किस परिवार का है, यह सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में कैराना में तीन—तीन कत्ल हुए, फिरौती मांगी गई, गुंडागर्दी हुई, लेकिन तब विधायक को जनता नहीं दिखी। अब पुलिस नशे के कारोबारियों व गुंडों पर कार्रवाई कर रही है, तो उन्हें नाजायज लग रहा है। जबकि पुलिस किसी भी पीड़ित को जेल नहीं भेज रही है। पिछले चार साल के सपा सरकार और अब चार साल के भाजपा सरकार का रिकॉर्ड देख लीजिए, कोई फर्जी मुकदमा नहीं मिलेगा। केवल पुलिस ने वो जेल भेजा है, जो मन्नामाजरा प्रकरण में फर्जी 307 लगवाने के लिए पहुंचा था। किसी भी फर्जी केस का सबूत दिखा दीजिए। उन्होंने कहा कि विधायक यदि गलत आरोप लगाएंगे, तो हम उसका जवाब देने के लिए सक्षम हैं। जेल भरो आंदोलन के सवाल पर अनिल चौहान ने कहा कि सरकार भी चुनौती का मुकाबला करने के लिए सक्षम हैं।

माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं : अनुज

भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अनुज चौहान ने कलस्यान चौपाल पर प्रेसवार्ता कर कहा कि यह बाबूजी की चौपाल हैं, जहां से बाबूजी ने हमेशा सामाजिक लोगों को राजनीतिक दल से ऊपर उठकर सहयोग किया। हम सभी लोग भी उनकी विरासत एवं परंपरा को आगे बढ़ाने का काम कर रहा हैं। उनके आचरण के अनुसार चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौपाल—चबूतरे की बात आई थी। यह नीतियों व कार्यप्रणाली से नहीं चलता और किसी कहने से खत्म नहीं होता। राजनीतिक व सामाजिक जिम्मेदारी चौपाल से जो पूर्वजों से निभाई, वो चलती रहेगी। उन्होंने विधायक का नाम लिए बिना कहा कि दो दिन पहले जो प्रकरण हुआ, यह नहीं होना चाहिए था। वे जनप्रतिनिधि थे, उन्हें कोई मामला था, तो उच्चाधिकारियों को बताना चाहिए था। यह माहौल खराब करने की साजिश हो रही है। यदि कोई पुलिस—प्रशासन का मनोबल तोड़ेगा, तो बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में कैराना का माहौल बहुत खराब था। रंगदारी, मर्डर और पलायन हो रहा था। बाबूजी ने ही संघर्ष के साथ पलायन का मुद्दा उठाया था। इसके बाद प्रदेश में सरकार आने पर यहां लोगों में सुरक्षा की भावना जग पाई।

Next Story