उत्तर प्रदेश

सपा MLC लाल बिहारी यादव होंगे यूपी विधान परिषद के नए नेता प्रतिपक्ष, संजय लाठर का कार्यकाल आज समाप्त

Arun Mishra
27 May 2022 7:55 AM GMT
सपा MLC लाल बिहारी यादव होंगे यूपी विधान परिषद के नए नेता प्रतिपक्ष, संजय लाठर का कार्यकाल आज समाप्त
x
नेता प्रतिपक्ष संजय लाठर सहित तीन सपा सदस्यों का कार्यकाल गुरुवार को समाप्त हो गया।

समाजवादी पार्टी के एमएलसी लाल बिहारी यादव उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नए नेता प्रतिपक्ष बनेंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में वर्ष 2020 के एमएलसी चुनाव में भाजपा को मात देने वाले शिक्षक कोटे के विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव को नया नेता प्रतिपक्ष बनाने का निर्णय लिया है।

नेता प्रतिपक्ष संजय लाठर सहित तीन सपा सदस्यों का कार्यकाल गुरुवार को समाप्त हो गया। सपा ने लाल बिहारी यादव को नया नेता प्रतिपक्ष बनाने के लिए पत्र विधान परिषद के सभापति को भेज दिया है। शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी हो सकती है। यूपी विधान परिषद में गुरुवार 26 मई को सपा सदस्य संजय लाठर, राजपाल कश्यप व अरविन्द कुमार का कार्यकाल पूरा हो गया। अब परिषद में सपा के 11 सदस्य बचे हैं।

आजमगढ़ निवासी लाल बिहारी 2020 में एमएलसी चुने गए और इनका कार्यकाल 2026 तक है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (वित्त विहीन गुट) की स्थापना करने वाले लाल बिहारी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य रहे हैं।

बलिया से मथुरा तक 49 दिन में 1200 किलोमीटर की शिक्षक संदेश पदयात्रा करके सुर्खियों में आए लाल बिहारी शिक्षकों के हितों को लेकर निरंतर संघर्ष करते रहे हैं। अब उनके नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के पीछे आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव भी माना जा रहा है।

Next Story