
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Suicide: लड़की कर रही...
Suicide: लड़की कर रही थी ब्लैकमेल, शादी से 14 दिन पहले लड़के ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 24 वर्षीय युवक ने अपनी शादी से कुछ ही दिन पहले आत्महत्या कर ली। युवक के पिता ने इस मामले में चार लड़कियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि कथित तौर पर इन लड़कियों ने युवक को आत्महत्या के लिए प्रेरित किया था।
4 लड़कियों पर दर्ज हुआ केस
जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय दिलीप कुमार की मौत के मामले में लखनऊ की चार लड़कियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया है कि इन्हीं में से एक लड़की ने दिलीप के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी थी।
पेड़ से लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार दिलीप कुमार (24) शनिवार की सुबह लखनऊ के तेलीबाग स्थित अपने घर से किसी काम के लिए निकला था। कुछ देर बाद मोहनलालगंज के उत्तरगांव में नहर के किनारे उसका शव पेड़ से लटका मिला था। राहगीरों की सूचना पर मामले की जानकारी हुई, तो पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मौके से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को मौके से मोबाइल फोन और एक सुसाइड नोट मिला है। इसके बाद पुलिस ने दिलीप के फोन से ही परिवार वालों से संपर्क किया। परिवार वालों ने बताया कि 20 फरवरी को दिलीप का तिलक कार्यक्रम था। परिवार के लोग तैयारियों में लगे थे।उन्होंने आरोप लगाया कि एक मोहल्ले की लड़की ने उसे अपने जाल में फंसा रखा था। युवती ने दिलीप को शादी न करने की धमकी दी थी। बात न मानने पर उसे फंसाने की बात कही। इसके बाद युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिलीप को धमकाना शुरू कर दिया
परिवार की इज्जत बचाने के लिए किया सुसाइड
पीड़ित पिता ने कहा कि लड़कियों के धमकी के बाद परिवार की इज्जत को बचाने के लिए दिलीप ने आत्महत्या कर ली। लखनऊ साउथ जोन की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर गौर किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Satyapal Singh Kaushik
न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।