सुल्तानपुर

Sultanpur Purvanchal Expressway पर भीषण सड़क हादसा, डीसीएम और बस की भिडंत में 12 यात्री गंभीर रूप से घायल

Shiv Kumar Mishra
27 Aug 2022 5:50 AM GMT
Sultanpur Purvanchal Expressway पर भीषण सड़क हादसा, डीसीएम और बस की भिडंत में 12 यात्री गंभीर रूप से घायल
x

सुलतानपुर। पंजाब से बिहार जा रही बस शनिवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डीसीएम से भिड़ गई। इस हादसे में बस में सवार 12 से अधिक लोग घायल हो गए। गम्भीर रूप से घायल लोगों को पड़ोसी जनपद अयोध्या के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यात्रियों को लेकर यदुवंश ट्रांसपोर्ट की बस यूपी 15 एफ टी 5333 बिहार के मधुबनी जा रही थी। हलियायर के निकट सामने से जा रही डीसीएम के चालक ने किन्हीं कारणों से ब्रेक लगा दी। इसके चलते तेज रफ्तार बस उसमें जा भिड़ी। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 62 यात्रियों में से 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए जिनमें वाहन स्वामी, चालक व यात्री शामिल हैं।

दुर्घटना की जानकारी हुई तो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से घायलों को पड़ोसी जनपद अयोध्या के पिठला स्थित सरकारी अस्पताल भिजवाया। घायलों में सिकंदर, हरप्रीत सिंह, परमानंद कुमार, गणेश, उमेश, कुंदन कुमार जगन्नाथ, सुशीला देवी, अहिल्यादेवी, जान मोहम्मद वाहन स्वामी लखन यादव शामिल हैं।

इनमें लखन व सुशीला की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बस के चालक रविंद्र सिंह व हरप्रीत सिंह निवासी पटियाला पंजाब हैं। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सकुशल बचे यात्रियों को यूपी डायल 112 की पुलिस टीम द्वारा हलियापुर टोल के पास लाकर बैठाया गया है। सभी यात्री घर जाने के लिए परेशान हैं।

सुध लेने नहीं पहुंचे अधिकारी : परेशान यात्रियों की सुध लेने ना तो प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और न ही यूपीडा के जिम्मेदार। महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग टोल के पास धूप में बैठे हैं। उनका सामान भी बस में है। टोल और दुर्घटना स्थल की दूरी एक किलोमीटर से अधिक है ।

भूख व प्यास से परेशान यात्रियों की समझ में नहीं आ रहा है कि वह घर कैसे जाएं। थानाध्यक्ष आरवी सुमन ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजवा दिया गया है। यात्रियों को भेजने की व्यवस्था की जा रही है। दुर्घटना के बाद चालक डीसीएम लेकर भाग निकला, उसकी तलाश की जा रही है।

Shiv Kumar Mishra

Shiv Kumar Mishra

Next Story