सुल्तानपुर

मछुवारा समुदाय को सरकार द्वारा आरक्षण का लाभ नहीं दिया - डॉ संजय कुमार निषाद

Shiv Kumar Mishra
10 March 2021 5:48 AM GMT
मछुवारा समुदाय को सरकार द्वारा आरक्षण का लाभ नहीं दिया - डॉ संजय कुमार निषाद
x

सुल्तानपुर में आज निषाद पार्टी ने चुनावी बिगुल फूंक दिया। एक रैली को संबोधित करते हुये राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा आरक्षण के मुद्दे पर सभी पार्टियों ने निषाद समुदाय के साथ केवल छलावा किया है। आज तक मछुवारों को उनका मौलिक अधिकार नही दिया गया। मंच से उन्होंने सहयोगी पार्टी बीजेपी को भी चेतावनी दे डाली कि अगर मछुवारों को आरक्षण नही दिया गया तो 2022 के चुनाव में उन्हें भी सत्ता के बाहर का मुंह देखना पड़ेगा।

बताते चलें कि जिले के कादीपुर स्थित नेशनल इंटर कालेज मैदान में निषाद पार्टी द्वारा एक स्वागत समारोह एवं सदस्यता अभियान रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में हज़ारों की संख्या में लोग निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय कुमार निषाद को सुनने पहुंचे थी। स्वागत समारोह के बाद जब राष्ट्रीय अध्यक्ष से मंच संभाला तो विरोधी दलों के साथ साथ बीजेपी को नही छोड़ा।

रैली को संबोधित करते हुये निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद ने कहा कि अगर मछुवारा समुदाय को सरकार द्वारा आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया तो आने वाले चुनाव में निषाद पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने साफ कहा कि पहले निषाद समुदाय कांग्रेस के साथ थी तो उन्होंने राज किया। लेकिन उन्होंने कभी मछुवारों को उनका हक नही दिया। मछुवा समाज ने बहुजन समाज पार्टी का साथ दिया तो उन्होंने सरकार बनाई। समाजवादी पार्टी का साथ दिया तो उन्होंने सत्ता का लाभ लिया। लेकिन किसी ने भी निषाद समुदाय को आरक्षण समेत कोई लाभ नही दिया। इसी को लेकर निषाद समुदाय ने सबक सिखाते हुए इन पार्टियों को चुनाव में उन्हें वोट नही दिया।

डॉ संजय निषाद ने कहा जब भारतीय जनता पार्टी सत्ता में नही थी तब उन्होंने आश्वासन दिया कि सत्ता में आते ही वे निषाद समुदाय को आरक्षण समेत तमाम लाभ देंगे। उसी का परिणाम रहा कि उन्हें जरूरत से ज्यादा बहुमत मिला, लेकिन सत्ता में आते ही वे अपना वायदा भूल गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी दी अगर समय रहते भाजपा ने अपना वायदा नही निभाया तो आने वाले 2022 के चुनाव में उन्हें सत्ता में रहने का कोई हक नही। लिहाजा रैली को संबोधित करते हुए संजय निषाद ने कहा कि 2022 के चुनाव में अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे। अगर भाजपा साथ देती है उनके साथ गठबंधन बना रहेगा।

Next Story