उत्तर प्रदेश

स्वतंत्र देव सिंह ने भ्रष्टचार पर अधिकारी दिया अद्भुत ज्ञान, अखिलेश यादव ने किया ये मजेदार ट्वीट

Sakshi
25 April 2022 1:49 PM GMT
स्वतंत्र देव सिंह ने भ्रष्टचार पर अधिकारी दिया अद्भुत ज्ञान, अखिलेश यादव ने किया ये मजेदार ट्वीट
x
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भ्रष्टाचार को लेकर अधिकारियों को अद्भुत ज्ञान दिया है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) ने भ्रष्टाचार को लेकर अधिकारियों को अद्भुत ज्ञान दिया है। स्वतंत्र देव सिंह का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिसमें वह अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नजर आ रहे हैं और कह रहे हैं कि पैसा कमाना गलत बात नहीं है लेकिन पूरा का पूरा पैसा डकार जाना गलत बात है।स्वतंत्र देव सिंह मुख्यमंत्री योगी (Yogi Adityanath) की मंत्रि परिषद में जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री हैं। खबरों के मुताबिक यह वीडियो तब का है जब स्वतंत्र देव सिंह जिला मुख्यालय से करीब सत्तर किलोमीटर दूर झांसी के गरौठा में सिंचाई परियोजनाओं का निरीक्षण कर रहे थे।

अधिकारियों पर भड़के स्वतंत्र देव सिंह

निरीक्षण के दौरान नहर में गंदगी मिलने पर स्वतंत्र देव खफा हो उठे और अफसरो को फटकार लगाते हुए कहा- सरकार का उद्देश्य है कि हर गरीब के खेत में पानी पहुंचे। पैसा कमाना बुरी बात नहीं है लेकिन पूरा का पूरा पैसा डकार जाना बुरी बात है। इस दौरान वहां मौजूद अधिकारियों ने कहा कि इस संबंध में पता करते हैं तो स्वतंत्र देव भड़क उठे और उन्होंने कहा कि आप क्या पता करेंगे? देखिए क्या देखना है। करोड़ों रुपये आते हैं लेकिन नहरों की सफाई नहीं हो पाती। बाद में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीटर पर पोस्ट किया- आज जनपद झांसी में बढ़वार झील को गुरसहाय नहर से भरने हेतु फीडर कैनल निर्माण की परियोजना का निरीक्षण किया। इस परियोजना को वर्षा ऋतु आने से पूर्व शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा- जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद झांसी में 123.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन बढ़वार ग्राम समूह पेयजल योगना का स्थलीय निरीक्षण किया।

अखिलेश यादव ने ली चुटकी

स्वतंत्र देव सिंह का वीडियो, जिसमें वह पैसा कमाना गलत बात नहीं लेकिन पूरा पैसा डकारना गलत बात कह रहे हैं, अब खूब वायरल हो रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उनके इस वीडियो पर चुटकी ली है। अखिलेश यादव ने वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा- सुनिये भाजपायी मंत्री का प्रवचन, कैसे है भ्रष्टाचार। बिना कुछ काम, पूरा का पूरा पैसा डकार गये ये है बुरी बात।

Next Story