उत्तर प्रदेश

खाने में नमक हुआ कम, लट्ठ लेकर लड़ पड़े घराती और सराती

Sakshi
11 March 2022 3:45 PM GMT
खाने में नमक हुआ कम, लट्ठ लेकर लड़ पड़े घराती और सराती
x
बिजनौर जिले के एक शादी का वीडियो वायरल हो रहा है, वीडियो में बाराती और घराती एक-दूसरे पर लट्ठ चलाते नजर आ रहे हैं।

उत्तर प्रदेश से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां बिजनौर जिले के एक शादी का वीडियो वायरल हो रहा है, वीडियो में बाराती और घराती एक-दूसरे पर लट्ठ चलाते नजर आ रहे हैं। बताया जाता है कि इस मारपीट के बाद लड़की पक्ष वालों ने निकाह करने से मना कर दिया और बारात को बिना दुल्हन ही वापस लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। मामला पांच-छह दिन पुराना बताया जा रहा है। बिजनौर जिले के नूरपुर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की दो लड़कियों की शादी एक दिन थी। शादी का कार्यक्रम सैदपुर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रखा गया था।

दोनों लड़कियों में एक की बारात स्योहारा क्षेत्र एवं दूसरी की कांठ क्षेत्र से आई थी। बारात के स्वागत आदि के बाद खाने का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें किसी बात को लेकर दो पक्ष आपस मे भिड़ गए। इसमें दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे और कुर्सियां चली। बताते हैं कि खाने में नमक कम होने के चलते किसी बाराती ने टोक दिया था। इसके बाद विवाद बढ़ गया। घटना में कुछ लोगों के चोटिल होने की भी सूचना है।

इसी दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हुआ। बताया जाता है कि पूरे मामले के बाद स्योहारा क्षेत्र से आई बारात तो निकाह के बाद विदा हो गई, लेकिन कांठ क्षेत्र से आई बारात के लड़के से लड़की पक्ष ने निकाह करने से इनकार कर दिया। काफी मिन्नतों के बाद भी जब कोई बात नही बनी तो बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। मामले की शिकायत पुलिस से नही की गई है। प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र वर्मा ने बताया कि मामले में कोई शिकायत नही मिली है। वायरल हुए वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच की जा रही है।

Sakshi

Sakshi

    Next Story