उन्नाव

साले ने जीजा को फावड़े से काट डाला

सुजीत गुप्ता
11 Nov 2021 7:19 AM GMT
साले ने जीजा को फावड़े से काट डाला
x

उन्नाव के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के हसेवा गांव में बुधवार रात नशे में धुत एक साले ने फावड़े से काटकर जीजा की हत्या कर दी। वह ससुराल में अपनी पत्नी को लेने आया था। बहन से अक्सर मारपीट के चलते उसका साला नाराज रहता था।

शिवपुरी निवासी महेंद्र कुरील (30) की एक साल पहले हसेवा गांव निवासी निशा से शादी हुई थी। भाई दूज पर महेंद्र पत्नी निशा को उसके मायके छोड़ गया था। बुधवार शाम वह पत्नी को लेने पहुंचा। घर पर ही महेंद्र ने शराब पी। नशे में होने के बाद उसने पत्नी से चलने के लिए कहा। पत्नी के मना करने पर विवाद शुरू हो गया। बहन से गाली-गलौज करता देख साले करन ने विरोध किया तो उससे भी बहनोई का झगड़ा शुरू हो गया।

निशा ने सुबह चलने की बात कह विवाद को शांत कराने का प्रयास किया। दोनों के उग्र होने पर वह गांव में मौजूद बड़े भाई रामबाबू को बुलाने दौड़ी। जब तक वह बड़े भाई को लेकर घर पहुंचती तब तक करन ने फावड़े से बहनोई महेंद्र की गर्दन पर कई वारकर उसकी हत्या कर दी। खून से लथपथ पति को देख निशा कांप गई।

कोतवाल महेशचंद्र पुलिस बल के साथ पहुंचे और करन को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। एसपी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि नशे में विवाद के बाद घटना हुई है।


Next Story