उत्तर प्रदेश

UP Election 2022: कल्याण सिंह के पोते की 5 साल में सिर्फ 4 साल बढ़ी उम्र, 10 गुना हुई संपत्ति, हलफनामे की और अजीबो-गरीब बातें

Special Coverage Desk Editor
24 Jan 2022 12:02 PM IST
UP Election 2022: कल्याण सिंह के पोते की 5 साल में सिर्फ 4 साल बढ़ी उम्र, 10 गुना हुई संपत्ति, हलफनामे की और अजीबो-गरीब बातें
x
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (Kalyan Singh) के पोते हैं और योगी सरकार में राज्य मंत्री संदीप सिंह (Sandeep Singh) ने भी अपना पर्चा भर दिया है. पर्चा भरते ही उनका हलफनामा सामने आया है. इसमें संदीप सिंह ने अपनी उम्र, संपत्ति और आपराधिक इतिहास समेत तमाम जानकारी दी गई हैं.

लखनऊः यूपी विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) के महासंग्राम के लिए रणभेरी बज चुकी है. यूपी के सिंघासन पर बैठने के लिए सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंकने में लगे हैं. पहले और दूसरे चरण के लिए नामांकन भी शुरू हो चुका है. अलीगढ़ की अतरौली (Atrauli Seat) विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी संदीप सिंह (Sandeep Singh) ने भी अपना पर्चा भर दिया है. संदीप सिंह (Sandeep Singh), पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (Kalyan Singh) के पोते हैं और योगी सरकार में राज्य मंत्री हैं. पर्चा भरते ही उनका हलफनामा सामने आया है. इसमें संदीप सिंह ने अपनी उम्र, संपत्ति और आपराधिक इतिहास समेत तमाम जानकारी दी गई हैं.

पांच साल में सिर्फ 4 साल बढ़ी उम्र

बड़ी बात ये है कि जब संदीप सिंह ने 18 जनवरी 2017 के दिन विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था, तब उन्होंने अपनी उम्र 26 साल बताई थी, लेकिन अब जब 5 साल बाद उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए हलफनामा दाखिल किया है, तो इसमें उन्होंने अपनी उम्र 30 साल बताई है, यानी 5 साल में उनकी उम्र सिर्फ चार साल बढ़ी है.

चल संपत्ति में 1600% का इजाफा

2017 के हलफनामे में संदीप ने करीब एक करोड़ रुपए की कृषि और गैर-कृषि भूमि का जिक्र किया था. 2022 के हलफनामे में उन्होंने करीब सात करोड़ रुपए की अचल संपत्ति का जिक्र किया है. 2017 में दिए हलफनामे के अनुसार संदीप के पास चल संपत्ति के रूप में 42.93 लाख रुपये थे. इनमें 1.11 लाख रुपये नकद, करीब 24.22 लाख रुपये अलग-अलग पांच बैंक खातों में थे. इसके अलावा एलआईसी व शेयर मार्केट में निवेश किया था. इस बार दिए हलफनामे में संदीप ने बताया है कि अब उनके पास 7.46 करोड़ की चल संपत्ति है. इसमें 2.70 लाख की नकदी है. इसके अलावा पांच अलग-अलग खातों में 1.2 करोड़ से अधिक की धनराशि जमा है.



अचल संपत्ति में 7 गुना बढ़ोत्तरी

संदीप के पास 2.66 करोड़ की राजप्रेम एसोसिएट के शेयर व 15 लाख की एलआइसी भी है. संदीप ने राजप्रेम एसोसिएट नाम की कंपनी को 3.40 करोड़ का कर्ज भी दिया है. इस तरह से पांच साल के अंदर संदीप की चल संपत्ति में 1637.71% की बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा अलीगढ़, हाथरस और बुलंदशहर में कृषि, गैर कृषि भूमि का भी जिक्र किया है. इसके अलावा हलफनामे में कार, बाइक, हथियारों और सोना-चांदी जैसी कोई चिज न होने का जिक्र किया है.

5 साल में ₹13.03 करोड़ बढ़ी संपत्ति

संदीप सिंह की चल संपति 2017 में 42.93 लाख रुपए थी, जोकि 2022 में बढ़कर 7.46 करोड़ हो गई है. इसके अलावा उन्होंने 2017 के हलफनामा में 1.11 लाख रुपए नकद, करीब 24.22 लाख रुपए अलग-अलग पांच बैंक खातों में बताए थे. वहीं अब 2022 में उन्होंने 2.70 लाख की नकदी के साथ पांच अलग-अलग खातों में 1.2 करोड़ से अधिक की धनराशि का जिक्र किया है. साथ ही 2.66 करोड़ की राजप्रेम एसोसिएट के शेयर और 15 लाख की एलआईसी भी है. इस तरह से संदीप सिंह के पास कुल चल और अचल संपत्ति 2017 में 1.43 करोड़ थी, जोकि 2022 में बढ़कर 14.46 करोड़ रुपए हो गई है.


वाहन-हथियार-जेवरात पास में नहीं

संदीप ने हलफनामे में बताया है कि उनके पास कोई बाइक, कार या अन्य कोई वाहन नहीं है. इसके अलावा उन्होंने बताया कि उनको हथियारों का भी शौक नहीं है, इसलिए उनके पास कोई भी हथियार नहीं है. संदीप के हलफनामे के मुताबिक उनके पास सोना-चांदी जैसा कोई आभूषण भी नहीं है.

Next Story