
- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- UP Election Opinion...
UP Election Opinion Poll Reality 2022: ओपिनियन पोल इतना इतराते क्यों हैं?: इनके 90% दावे गलत, फिर भी इतना हो-हल्ला

UP Election Opinion Poll Reality 2022: रिपब्लिक भारत और एबीपी-सी वोटर हर महीने ओपिनियन पोल कर रहे हैं। हर बार एक ही कहानी, बीजेपी यूपी जीत रही है। फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर पर इसका इतना प्रचार हो रहा है, जैसे 10 मार्च के रिजल्ट इन्हें पता ही है।
अभी ज्यादा समय बीता है। पिछले साल अप्रैल में बंगाल में चुनाव था। भगवा लहराने के लिए बीजेपी बेताब थी। कुल 10 मुख्यमंत्री और 12 से ज्यादा केंद्रीय मंत्री प्रदेश की गलियां-गलियां छान रहे थे। ओपिनियन पोल इनकी मेहनत से पिघल गया। बताया गया कि 292 सीटों में 183 पर बीजेपी जीत रही है। नतीजा आया तो बीजेपी सिर्फ 77 सीट पा सकी।
ओपिनियन पोलों के फर्जी साबित होने की ये इकलौती कहानी नहीं है। बंगाल, पुडुचेरी, बिहार और खुद यूपी के पिछले ओपिनियन पोल एकदम उल्टे निकले थे। आइए ओपिनियन पोल की पोल-पट्टी खोलते हैं…
▪️बंगाल में ओपिनियन पोल की भद्द पिट गई थी
सर्वे कंपनी पीपुल्स पल्स ने बंगाल में बीजेपी को 183 सीट दी थीं। सीएनएक्स 135 और सी वोटर 112 सीट दे रहा था। महाओपिनियन पोल भी 143 सीट तो जीतनी पक्की बता रहे थे। महाओपिनियन पोल यानी सारे पोल्स का औसत। नतीजा आया तो दिल धक्क से हो गया। मिली सिर्फ 77 सीट। ममता बनर्जी एण्ड कंपनी का 213 सीट पर कब्जा हो गया।
▪️ बिहार में तो 'बलंडरे' हो गया
बिहार में 2015 के बाद 2020 में भी लोगों ने ओपिनियन पोल की ऐसी-तैसी कर दी। 2015 में बताया कि लालू-नीतीश की पार्टी पर बीजेपी बढ़त हासिल कर रही है। नतीजा आया तो आरजेडी-जदयू के खाते में 178 सीट आई। बीजेपी को मिली सिर्फ 58।
2020 में तो ब्लंडर हो गया। आज तक के एक्सेस माय इंडिया ने बताया कि आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन 161 सीट पर जीत रही है। जश्न शुरू हो गया, नतीजा आया तो 110 पर ही गठबंधन सरेंडर हो गया। ओपिनियन पोल दोबारा बिहार में बेसहारा हो गया।
▪️पुडुचेरी वालों ने पहले ओपिनियन पोल फिर कांग्रेस को हराया
पुडुचेरी में इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के ने कांग्रेस को 24 सीट दे दी। बीजेपी को दिया 6-10। इसी तरह सी वोटर ने कांग्रेस को 23 और बीजेपी को 6-10 दिखाया। नतीजे आए तो कांग्रेस के साथ ओपिनियन पोल वालों की भी भद्द पिटा गई। बीजेपी को 16 सीट मिली और कांग्रेस के हिस्से में आई सिर्फ 8 सीट।
▪️ तीन नहीं 30 बार फेल ओपिनियन पोल
बिहार, पुडुचेरी, बंगाल के अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा, मध्य प्रदेश में भी ये फेल रहा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस-बीजेपी की मजबूत टक्कर बताई। नतीजा, 90 में 68 सीट कांग्रेस को आई। हरियाणा में बताया बीजेपी की प्रचंड सरकार, नतीजा आया तो गठबंधन से कुर्सी बचानी पड़ी। एमपी में बीजेपी को 128 सीट के साथ बहुमत दिखाया। नतीजा आया तो कांग्रेस को बहुमत मिल गया।
▪️2017 के यूपी के ओपिनियन पोल अपाहिज हो गए थे
इंडिया टुडे ने कहा था, 170-183 सीट बीजेपी, एबीपी ने 164-176, न्यूज एक्स ने 185 सीट यूपी में मिल रही थी। परिणाम आया तो जमीन हिल गई। बीजेपी गठबंधन पहुंच गया 325 पर। बसपा को 90 सीट का दावेदार बता रहे थे वह 19 पर सिमट गई। सपा को 170 मिल रही थी लेकिन नतीजे आए तो 47 पर टिक गई। ओपिनियन यहां भी अपाहिज हो गया।