उत्तर प्रदेश

UP MLC Election Results 2023: MLC चुनाव परिणामों में भाजपा का दबदबा, 5 में से 4 सीटों पर दर्ज की जीत, गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक सीट पर देवेंद्र प्रताप सिंह जीते

Satyapal Singh Kaushik
3 Feb 2023 5:45 AM GMT
UP MLC Election Results 2023: MLC चुनाव परिणामों में भाजपा का दबदबा, 5 में से 4 सीटों पर दर्ज की जीत, गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक सीट पर देवेंद्र प्रताप सिंह जीते
x
एमएलसी चुनाव परिणामों में 4 सीट पर भाजपा तो एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की, सपा का खाता भी नहीं खुल सका।

UP MlC Result: उत्तर प्रदेश विधान परिषदकी 5 सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी का दबदबा कायम हो गया है। पांच में 4 सीटों पर बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।जबकि एक सीट पर निर्दलीय का कब्जा हुआ है। तमाम दावों के बावजूद समाजवादी पार्टी के अरमानों पर पानी फिर गया है। सपा इस चुनाव में अपना खाता तक नहीं खोल पाई है।

30 जनवरी को पड़े थे वोट

30 जनवरी को उत्तर प्रदेश के 39 जिलों में MLC चुनाव के लिए वोट पड़े थे। 2 फरवरी को मतगणना हुई। इस चुनाव में बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक सीट पर बीजेपी के जयपाल सिंह व्यस्त ने हैट्रिक लगा दी है। वहीं उन्नाव-कानपुर स्नातक एमएलसी सीट पर बीजेपी के अरुण पाठक ने जीत दर्ज कराई है। झांसी-इलाहाबाद शिक्षक एमएलसी सीट पर बीजेपी के बाबूलाल तिवारी जबकि गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक एमएलसी सीट पर बीजेपी के देवेन्द्र प्रताप सिंह विजयी घोषित किए गए हैं। वहीं कानपुर शिक्षक खंड एमएलसी चुनाव में निर्दलीय राज बहादुर सिंह चंदेल ने जीत दर्ज कराई है

गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक क्षेत्र से चौथी बार जीते देवेंद्र सिंह

गोराखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में देवेंद्र प्रताप सिंह 17455 मतों से जीत गए हैं।दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय परिसर में मतों की गणना की गई। गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में क्षेत्र के 17 जिलों में मतदान के बाद मतपेटियों को यहां सुरक्षा घेरे में स्ट्रांगरूम में रखा गया था। तकरीबन 22 घंटे तक चली मतगणना के बाद शुक्रवार की सुबह 6:30 बजे परिणाम आया। अंतिम गणना के बाद भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह को 51699 मत मिले। दूसरे स्थान पर सपा के करुणा कांत मौर्य रहे जिन्हें 34244 मत मिले। जीत सुनिश्चित होते ही उनके समर्थक उत्साह से भर गए। देवेंद्र प्रताप 1998 में पहली बार एमएलसी बने थे। इसके बाद 2010, 2017 के चुनाव में भी जीत दर्ज की थी। हालांकि पिछले दोनों चुनाव में जीत का फैसला द्वितीय वरीयता के मतों से हुआ था।


Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story