उत्तर प्रदेश

UP Nagar Nigam Election Result LIVE : 17 नगर निगम में 14 में भाजपा की बढ़त: सपा एक, बसपा दो सीटों पर आगे

Shiv Kumar Mishra
13 May 2023 6:04 AM GMT
UP Nagar Nigam Election Result LIVE : 17 नगर निगम में 14 में भाजपा की बढ़त: सपा एक, बसपा दो सीटों पर आगे
x
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने दावा किया है कि सभी 17 निगम सीटों पर भाजपा क्लीन स्वीप करेगी।

UP Nagar Nigam Election Result LIVE : उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव की काउंटिंग चल रही है। प्रदेश की सभी 17 नगर निगम के शुरुआती रुझान आ गए हैं। लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या समेत 14 पर भाजपा आगे हैं। मेरठ से सपा और आगरा, सहारनपुर से बसपा ने बढ़त बना ली है। आगरा में बसपा की 21 हजार की लीड को बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। क्योंकि, यहां से 1 केंद्रीय और 3 राज्यमंत्री आते हैं। कानपुर में भी शुरुआत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मगर, कुछ देर बाद भाजपा प्रत्याशी प्रमिला पांडेय ने फिर से बढ़त बना ली है।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने दावा किया है कि सभी 17 निगम सीटों पर भाजपा क्लीन स्वीप करेगी। क्योंकि, विकास सिर्फ भाजपा सरकार कर सकती है, विपक्ष सिर्फ गाल बजा सकता है। नगर निगम के अलावा, नगर पालिक और पंचायत की भी काउंटिंग चल रही है।

आगरा में उलटफेर हुआ है। यहां से बसपा की डॉक्टर लता वाल्मीकि 21000 वोट से आगे चल रही हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा है।

मेरठ से सपा प्रत्याशी सीमा प्रधान आगे हैं। जबकि भाजपा दूसरे नंबर पर है।

मुरादाबाद से बीजेपी के विनोद अग्रवाल आगे चल रहे हैं। उन्हें 35502 मिले हैं। जबकि कांग्रेस के हाजी रिजवान कुरैशी को 14798 और बसपा के मोहम्मद यामीन को 7753 मिले हैं।

लखनऊ में छठे राउंड में भाजपा प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल आगे हैं। उन्हें 1852, सपा प्रत्याशी वंदना मिश्रा को 1322, बसपा प्रत्याशी शाहीन बानों को 369 वोट मिले हैं।

प्रयागराज में पहले राउंड की काउंटिंग में बीजेपी आगे चल रही है। भाजपा प्रत्याशी गणेश केसरवानी को 11897 , सपा के अजय श्रीवास्तव को 5026 और बसपा के 1712 वोट मिले हैं।

गाजियाबाद से BJP प्रत्याशी सुनीता दयाल 21260 वोटों से आगे हैं। दूसरे नंबर पर BSP है।

अलीगढ़ से भाजपा आगे चल रही है। बीजेपी को 21043, सपा को 10220 और बसपा को 6269 मिले हैं।

कानपुर में भाजपा ने फिर बढ़त बना ली है। बीजेपी प्रत्याशी प्रमिला पांडे को 8884 मिले हैं, जबकि सपा की वंदना वाजपेई को 5413 वोट मिले हैं। वहीं, बसपा की अर्चना निषाद को 2050 वोट मिले हैं।

फिरोजाबाद में तीसरे राउंड में बीजेपी को 1850 वोटों से आगे है। बीजेपी को 3503, सपा को 1577 और बसपा को 1653 वोट मिले हैं।

बरेली में भाजपा के 27,045 वोटों से आगे है। भाजपा के उमेश गौतम को 17,205 वोट मिले हैं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी डॉ आईएस तोमर को 15,246 वोट मिले हैं।

शाहजहांपुर में भाजपा 3760 वोट से आगे चल रही है। भाजपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा को 5983, कांग्रेस की निकहत इकबाल 2223 और सपा की माला राठौर 1635 वोट मिले हैं

गोरखपुर में पांचवें राउंड में भाजपा के मंगलेश श्रीवास्तव को 50931 वोट मिले हैं। जबकि सपा की काजल निषाद 30129 और बसपा की नवल किशोर नथानी को 7538 मत मिले हैं।

झांसी में भाजपा के मेयर प्रत्याशी बिहारीलाल आगे चल रहे हैं। उनको 23730 वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के अरविंद कुमार बबलू को 10422 वोट मिले हैं।

अयोध्या में 3 राउंड की काउंटिंग में भाजपा 9362 वोटों से आगे है। भाजपा को 18026 वोट मिले हैं। जबकि सपा को 8664 वोट मिले हैं।

Next Story