उत्तर प्रदेश

Uttar Pradesh Crime News : पति ने गोली मारकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, खुद भी की खुदखुशी, जानिए पूरा मामला

Sakshi
5 Feb 2022 7:04 AM GMT
Uttar Pradesh Crime News : पति ने गोली मारकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, खुद भी की खुदखुशी, जानिए पूरा मामला
x
उत्तर प्रदेश के मलिहाबाद के जिंदौर मजरे लालता खेड़ा में शुक्रवार शाम को 26 वर्षीय चंद्रभान ने अपनी पत्नी 24 वर्षीय चांदनी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को गोली से उड़ा दिया

Uttar Pradesh Crime News : उत्तर प्रदेश के मलिहाबाद के जिंदौर मजरे लालता खेड़ा में शुक्रवार शाम को 26 वर्षीय चंद्रभान ने अपनी पत्नी 24 वर्षीय चांदनी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को गोली से उड़ा दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवारीजन मौके पर पहुंचे तो उनके शव देख बदहवाश हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिवारीजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक तीन साल पहले दोनों की शादी हुई थी।

प्रभारी निरीक्षक मलिहाबाद नित्यानंद सिंह के मुताबिक रहीमाबाद के जिंदौर मजरे लालता खेड़ा में गुरुदीन परिवार सहित रहते हैं। गुरुदीन की बेटी चांदनी की शादी माल के कनवा खेड़ा निवासी चंद्रभान से तीन साल पहले हुई थी। पुलिस को परिवारीजनों ने बताया कि पिछले एक महीने से चांदनी अपने मां के पास ही रह रही थी। चंद्रभान शुक्रवार को अपने ससुराल पहुंचा।

चांदनी के पिता गुरुदीन मजदूरी करते है, जो लखनऊ रोज मजदूरी के लिए आते है। वह घर पर नहीं थे। चांदनी की मां दुर्गा देवी भी घर पर नहीं थी। शाम को चांदनी व चंद्रभान घर पर थे। अचानक घर के अंदर से गोली चलने की आवाज आई। इस पर ग्रामीण वहां पहुंचे। वहीं गांव में किसी काम से गई चांदनी की मां दुर्गा देवी को सूचना दी। दुर्गा के मुताबिक वह घर के अंदर गई तो बेटी चांदनी व दामाद चंद्रभान का शव जमीन पर पड़ा था। खून से लथपथ दोनों के शव देखकर वह चीख पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

क्षेत्राधिकारी मलिहाबाद योगेंद्र सिंह के मुताबिक गोली चलने व दो मौतों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां दोनों के शव जमीन पर पड़े थे। चांदनी के सीने में गोली लगी थी। वहीं चंद्रभान के कनपटी पर गोली लगी थी। दोनों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ है। इसके बाद ही चंद्रभान ने चांदनी के सीने से सटा कर तमंचे से गोली मारी थी। इस बारे में पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक परिवारीजनों से पूछताछ के बाद ही विवाद का असली कारण सामने आयेगा। पुलिस ने मौके से एक तमंचा भी बरामद किया है।

पिता व मां ने आपसी विवाद के बाद गोली मारकर हत्या व खुदकुशी कर ली। दोनों ने आवेश में यह नहीं सोचा कि उनकी दो साल की बेटी सृष्टि का क्या होगा। दो साल की सृष्टि के सिर से एक साथ मां-पिता दोनों का साया उठ गया। वारदात के वक्त सृष्टि घर के बाहर खेल रही थी। बेटी व दामाद की मौत के बाद दुर्गा अपनी दो साल की नातिन को गोद में लिये बिलख रही थी। गांव की महिलाएं उसे ढांढस तो बंधा रही थी लेकिन उसके आंख के आंसू नहीं थम रहे थे।

Next Story