उत्तर प्रदेश

यूपी स्थापना दिवस: 70 साल का हुआ उत्तर प्रदेश, राष्ट्रपति से लेकर पीएम, योगी तक ने दी बधाई

Arun Mishra
24 Jan 2021 6:39 AM GMT
यूपी स्थापना दिवस: 70 साल का हुआ उत्तर प्रदेश,  राष्ट्रपति से लेकर पीएम, योगी तक ने दी बधाई
x
उत्तर प्रदेश आज 70 साल का हो गया। 24 जनवरी के दिन उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश आज 70 साल का हो गया। 24 जनवरी के दिन उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। दरअसल, 70 साल पहले 24 जनवरी 1950 के दिन ही उत्तर प्रदेश को यह नाम मिला था। उससे पहले अंग्रेजों के शासन के समय इसे यूनाइटेड प्रॉविंस के नाम से जाना जाता था। अवध और आगरा को मिलाकर संयुक्त प्रांत बनाया गया था। 3 साल पहले 2018 में राज्यपाल राम नाईक की पहल पर पहली बार उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया गया था।

उत्तर प्रदेश ट्विटर पर भी ट्रेंड कर रहा है। प्रदेश की स्थापना दिवस मनाए जाने का यह तीसरा मौका है।

देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, 'उत्तर प्रदेश दिवस पर राज्य के प्रतिभाशाली व कर्मठ निवासियों को बधाई। अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करके, देश की सबसे बड़ी आबादी वाले इस राज्य ने राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को शक्ति दी है। उत्तर प्रदेश वासियों की उत्तरोत्तर प्रगति और खुशहाली के लिए मैं मंगल कामना करता हूँ।'

पीएम मोदी ने बधाई देते हुए कहा, 'उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। त्याग, तप, परंपरा और संस्कृति की पावन भूमि रहा यह राज्य आज आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मेरी कामना है कि चौतरफा विकास की ओर अग्रसर यह प्रदेश यूं ही नई ऊंचाइयों को छूता रहे।'

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने यूपी के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मेरे सभी भाइयों एवं बहनों को 'स्थापना दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं, जिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर काम हो रहा है। उत्तर प्रदेश निरंतर समृद्ध और विकसित हो, यही ईश्वर से मेरी कामना है।

स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने रविवार सुबह कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम और लीलाधर श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि का प्रदेश, भारत का हृदय प्रदेश, भारतीय संस्कृति का उद्गम स्थल, उ.प्र. के स्थापना दिवस पर सभी निवासियों को हार्दिक बधाई।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी बधाई दी। उन्होंने लिखा कि 'भारत के इतिहास, संस्कृति, आध्यात्म, कला, साहित्य, स्थापत्य, पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश का सदैव अद्भुत योगदान और विशिष्ट स्थान रहा है। आज उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेश को इस गौरव यात्रा पर गतिमान रहने तथा प्रदेशवासियों की उन्नति व खुशहाली की कामना है।

आपको बता दें कि यूपी दिवस का उद्घाटन रविवार को अवध शिल्पग्राम में हो रहा है। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदी बेन पटेल कर रहीं हैं जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि हैं। यह यूपी दिवस का चौथा संस्करण है जो 24 जनवरी से 26 जनवरी तक चलेगा।


Download Amar Ujala App for Breaking News in Hindi & Live Updates. https://www.amarujala.com/channels/downloads?tm_source=text_share

Next Story