उत्तर प्रदेश

ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए मतदान आज, बीजेपी और सपा में सीधी टक्कर

सुजीत गुप्ता
10 July 2021 4:12 AM GMT
ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए मतदान आज,  बीजेपी और सपा में सीधी टक्कर
x

लखनऊ। प्रदेश में ब्लाक प्रमुख के 476 पदों के लिए शनिवार को मतदान होगा। मतदान पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच होगा। उसके बाद मतगणना होगी और फिर परिणाम घोषित किये जाएंगे। प्रदेश के 825 ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 75852 पद हैं। यही क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने बीच में से ही किसी एक क्षेत्र पंचायत सदस्य को अपना ब्लाक प्रमुख चुनने के लिए मतदान करेंगे।

शनिवार को होने वाले मतदान के लिए सभी विकास खंड मुख्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है। गुरुवार को हुए नामांकन दाखिले में राज्य के 75 जिलों के 825 ब्लाक प्रमुख पदों के लिए कुल 1778 नामांकन प्राप्त हुए थे। इनमें से जांच के दौरान 68 नामांकन रद्द कर दिये गये थे। इसके बाद कुल 1710 उम्मीदवार बचे थे। शुक्रवार को नामांकन वापसी के दिन कुल 187 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिये। कुल 349 पदों पर एक-एक उम्मीदवार ही बचे होने की वजह से उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित किया गया। अब बाकी बचे 476 पदों के लिए शनिवार को मतदान करवाया जाए।

ब्लाक प्रमुख चुनाव में भाजपा ने भारी बढ़त बना ली है। भाजपा के 334 प्रत्याशी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। पार्टी ने शनिवार को होने वाले चुनाव में प्रदेश की 825 में से 650 से अधिक क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष निर्वाचित कराने की तैयारी की है। भाजपा ने करीब 795 क्षेत्र पंचायतों में अधिकृत उम्मीदवार घोषित किए हैं। 795 क्षेत्र पंचायतों में से 334 ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं।




Next Story