उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के मदरसों में अब शुक्रवार की जगह रविवार को होगी वीकली छुट्टी,आदेश जारी

Satyapal Singh Kaushik
22 Dec 2022 11:15 AM GMT
उत्तर प्रदेश के मदरसों में अब शुक्रवार की जगह रविवार को होगी वीकली छुट्टी,आदेश जारी
x
सरकार ने मदरसों में आधुनिक विषयों की पढ़ाई भी अनिवार्य कर दी है ताकि यहां के बच्चे भी प्रतियोगी परीक्षाएं देने लायक बन सकें

योगी सरकार मदरसों के आधुनिकीकरण में लगी हुई है।मदरसों में राष्ट्रगान अनिवार्य करने के बाद अब साप्ताहिक अवकाश भी शुक्रवार के बजाय रविवार करने की तैयारी में है। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की आगामी बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव लाया जाएगा। प्रस्ताव पास होने के बाद इसे सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। प्रदेश सरकार मदरसा शिक्षा में लगातार सुधार के उपाय कर रही है। सबसे पहले फर्जी मदरसे सिस्टम से बाहर हों। इसके लिए सरकार ने मदरसा पोर्टल बनवाया। इस पोर्टल में उन्हीं मदरसों को पंजीकृत किया गया जो मानक पूरे करते थे। ऐसे में हजारों की संख्या में फर्जी मदरसे अपने आप बाहर हो गए।

ताकि यहां के बच्चे भी प्रतियोगी परीक्षाओं के लायक बने

सरकार ने मदरसों में आधुनिक विषयों की पढ़ाई भी अनिवार्य कर दी है ताकि यहां के बच्चे भी प्रतियोगी परीक्षाएं देने लायक बन सकें। दूसरे स्कूलों की तरह मदरसों में भी अब सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी की पढ़ाई कराई जा रही है। इसी कड़ी में अब सरकार मदरसों में साप्ताहिक अवकाश में भी बदलाव करने जा रही है।अभी तक मदरसों में शुक्रवार यानी जुमे के दिन अवकाश होता था।

मदरसा बोर्ड में हुआ फैसला

इसे दूसरे स्कूल-कालेजों की तर्ज पर रविवार करने की तैयारी है। मदरसा बोर्ड के चेयरमैन डा. इफ्तिखार अहमद जावेद कहते हैं कि बहुत दिनों से मदरसों से जुड़े लोगों की ओर से शुक्रवार के बजाय रविवार को अवकाश करने का सुझाव आ रहा था। हाल ही में हुई बैठक में भी ऐसा सुझाव आया, हालांक‍ि कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया है। ऐसे में मदरसा बोर्ड की आगामी बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। बोर्ड से अगर यह प्रस्ताव पास होता है तो उसे सरकार के पास भेजा जाएगा।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story