Archived

अयोध्या में भगवान राम की 108 फुट ऊंची प्रतिमा लगवाएगी योगी सरकार!

Arun Mishra
10 Oct 2017 4:49 PM IST
अयोध्या में भगवान राम की 108 फुट ऊंची प्रतिमा लगवाएगी योगी सरकार!
x
योगी सरकार राम जन्मभूमि से थोड़ी दूर सरयू नदी के किनारे भगवन राम की 108 फुट ऊंची प्रतिमा लगवाने जा रही है। बताया जा रहा है कि यह भगवान राम की दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति होगी
लखनऊ : अयोध्या में राम मंदिर का मसला भले ही सुप्रीम कोर्ट में अटका हो लेकिन प्रदेश की योगी सरकार राम जन्मभूमि से थोड़ी दूर सरयू नदी के किनारे भगवन राम की 108 फुट ऊंची प्रतिमा लगवाने जा रही है। बताया जा रहा है कि यह भगवान राम की दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति होगी। इसके लिए सरकार एनजीटी से भी इजाजत लेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बार दीपावली के एक दिन पहले अयोध्या में रहेंगे। वहां पर त्रेतायुग की थीम पर दीपावाली मनाई जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ भगवान राम की शोभा का स्वागत करेंगे।
अयोध्या में रामलला के मंदिर का मसला भले ही सुप्रीम कोर्ट में अटका हो लेकिन विवादित स्थल से थोड़ी ही दूर सरयू के किनारे उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भगवान राम की एक विशाल प्रतिमा स्थापित करेंगे। यह मूर्ति 108 फुट लंबी है। भगवान राम की यह मूर्ति दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति होगी। भगवान राम की यह प्रतिमा योगी सरकार की 'नव्य अयोध्या' योजना का एक हिस्सा होगी।
यही नहीं इस बार दिवाली के मौके पर जिसे भगवान राम के अयोध्या वापसी का दिन भी माना जाता है, योगी आदित्यनाथ खुद उनके स्वागत के लिए मौजूद होंगे। योजना है कि इस बार अयोध्या को दिवाली में वैसे ही सजाया जाए जैसा कि दिवाली के दिन त्रेतायुग में भगवान राम के लंका पर विजय हासिल करने के बाद सजाई गई थी। भगवान राम की अयोध्या वापसी की थीम पर एक भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी जो छोटी दीपावाली पर दिन में करीब दो बजे अयोध्या में प्रवेश करेगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ और उनका मंत्रिमंडल भगवान राम का पूजना वंदन करेगा। उसके बाद राम का राज्यभिषेक भी होगा। इस मौके पर इंडोनेशिया और थाईलैंड के कलाकार राम के अयोध्या के कलाकार राम के अयोध्या वापसी के प्रसंग का सरयू नदी के किनारे मंचन भी करेंगे। सरयू नदी और आसपास के इलाके की भव्य सजावट की जाएगी। इस दिन शाम को राम की पैड़ी पर एक लाख इकहत्तर हजार दिए जलाए जाएंगे।
गौरतलब है कि योगी के सीएम बनने के बाद अयोध्या लगातार सुर्खियों में है। सीएम योगी खुद तीन बार यहां आ चुके हैं। मिली जानकारी के मुताबिक अयोध्या और राम से जुड़े सभी स्थानों को विकसित करने की योजना बनाई गई है। योगी के सीएम बनने के बाद अब तक अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए 14 ट्रक पत्थर पहुंच चुके हैं। राम मंदिर कार्यशाला जिन पर नक्काशी का काम लगातार चल रहा है।
Next Story