पश्चिम बंगाल

IND vs SL TEST: बारिश से खेल बाधित 11.5 ओवर पर भारत ने गंवाए 3 विकेट

आनंद शुक्ल
16 Nov 2017 4:47 PM IST
IND vs SL TEST: बारिश से खेल बाधित 11.5 ओवर पर भारत ने गंवाए 3 विकेट
x
कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेले जा रहे मुकाबले में लकमल की आग उगलती गेंदबाज़ी के आगे भारतीय मिडिल ऑर्डर पूरी तरह से नतमस्तक नज़र आया।

कोलकाता: बारिश और खराब रौशनी से प्रभावित पहले टेस्ट मुकाबले में श्रीलंकाई गेंदबाज़ों ने पहले दिन के खेल में बेहतरीन गेंदबाज़ी करते टॉस जीतने के फैसले को सही साबित कर दिया है। कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेले जा रहे मुकाबले में लकमल की आग उगलती गेंदबाज़ी के आगे भारतीय मिडिल ऑर्डर पूरी तरह से नतमस्तक नज़र आया। ओपनर बल्लेबाज़ केएल राहुल शून्य के स्कोर पर आउट होकर वापस पवेलियन लौट गए। जबकि उसके बाद अनुभवी शिखर धवन कोई खास कमाल नहीं दिखा सके और महज़ 8 रन के कुल योग पर बोल्ड होकर चलते बने।

बारिश के बाद मैच शुरू हुआ तो श्रीलंका के तेज़ गेंदबाज़ लकमल ने मैच की पहली ही गेंद पर के एल राहुल को आउट कर दिया। राहुल (00) लकमल की गेंद पर डिकवेला को कैच देकर पवेलियन लौट गए। 08 रन बनकर खेल रहे शिखर धवन को बोल्ड कर लकमल ने भारत को दूसरा झटका दे दिया। इसके बाद बारिश की वजह से मैच रोकना दिय गया और फिर जब दोबारा शुरू हुआ तो लकमल ने कप्तान कोहली (00) को एलबीडब्ल्यू आउट कर टीम इंडिया को तीसरा झटका दे दिया।

भारत इस मैच में पांच बल्लेबाजों (धवन, लोकेश, पुजारा, कोहली और रहाणे), एक विकेटकीपर-बल्लेबाज (साहा) और दो ऑलराउंडर (अश्विन-जडेजा) के साथ मैदान में उतरा है। इससे पहले, मैदान में बारिश देखने को मिली। यह बारिश सुबह करीब 8:45 बजे शुरू हुई। बारिश से 04:15 घंटे का खेल बर्बाद हो चुका है और इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने लंच कर लिया है। बारिश के कारण सुबह 9 बजे होने वाला टॉस दोपहर 1 बजे किया गया। पहले दिन का खेल 01:45 पर शुरू हुआ, चायकाल दोपहर 03:05 पर हुआ और खेल शाम 05:30 बजे तक चलना था, लेकिन बीच में बारिश और कम रोशनी के कारण कई बार बाधित हुआ और फिर शाम 4.21 मिनट पर खेल समाप्ति की घोषणा कर दी गई।
कुछ ऐसा हो गया था हाल ईडेन गार्डन का
भारत को इस टेस्ट मैच का ही नहीं, बल्कि पूरी सीरीज का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। यह टेस्ट इस मायने में भी खास है कि भारत और श्रीलंका के बीच कोलकाता में पहली बार कोई टेस्ट मैच खेला जाना है। भारत ने मौजूदा घरेलू और विदेशी सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। उसने श्रीलंका को उसके घर में खेल के तीनों प्रारूपों में हराया और इसके बाद वनडे तथा टी-20 में पहले ऑस्ट्रेलिया और फिर न्यूजीलैंड को मात दी।
वहीं, श्रीलंका ने भारत से हार के बाद पाकिस्तान को दो टेस्ट मैचों की सीरीज में तो हराया लेकिन पाकिस्तान के हाथों वनडे और टी-20 में उसे हार मिली। पड़ोसी देश श्रीलंका की मौजूदा फॉर्म को देखकर भारत का पलड़ा हर मामले में उस पर भारी है।

Next Story