बिहार: पटना उच्च न्यायालय में 7 नए जजों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

सर्वप्रथम हरियाणा और पंजाब उच्च न्यायालय स्थानांतरित होकर आये न्यायमूर्ति राजन गुप्ता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद केरल उच्च न्यायालय से आये न्यायमूर्ति एएम बदर ने शपथ ली। इनके बाद कर्नाटक उच्च न्यायालय से आये न्यायमूर्ति पीवी बैजंथ्री को शपथ दिलाई गई

Update: 2021-10-20 13:14 GMT

पटना उच्च न्यायालय में बुधवार को विभिन्न उच्च न्यायालयों से स्थानांतरित होकर आये तीन जजों ने पद की गोपनीयता की शपथ ली, जबकि पटना उच्च न्यायालय में वकालत करने वाले चार वकीलों ने भी जज पद की शपथ ली। सभी नये जजों को बजे पटना उच्च न्यायालय के नयी बिल्डिंग शताब्दी भवन स्थित लॉबी में पटना उच्च न्यायालय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय करोल ने पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सर्वप्रथम हरियाणा और पंजाब उच्च न्यायालय स्थानांतरित होकर आये न्यायमूर्ति राजन गुप्ता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद केरल उच्च न्यायालय से आये न्यायमूर्ति एएम बदर ने शपथ ली। इनके बाद कर्नाटक उच्च न्यायालय से आये न्यायमूर्ति पीवी बैजंथ्री को शपथ दिलाई गई। इसके बाद वकील कोटे से जज बने न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने पद की गोपनीयता की शपथ ली। उनके बाद न्यायमूर्ति पूर्णेन्दु सिंह, फिर न्यायमूर्ति सत्यव्रत वर्मा और अंत में न्यायमूर्ति राजेश कुमार वर्मा ने शपथ ली।

इसके पूर्व उच्च न्यायालय के प्रभारी महानिबंधक ने एक एक कर सभी जजों का नियुक्ति की अधिसूचना पढ़ी। अंत में मुख्य न्यायाधीश के आदेश से शपथ ग्रहण कार्यक्रम को समाप्त होने की घोषणा की गई। मौके पर पटना उच्च न्यायालय सभी जजों के अलावा नये जजों के सगे संबंधियों तथा उनके इष्ट-मित्र विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में उपस्थित थे। काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन के अलावा हाई कोर्ट के तीनों वकील संघ के अध्यक्ष तथा महासचिव एवं अन्य पदाधिकारीगण सहित केंद्र सरकार के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल, राज्य के महाधिवक्ता, बिहार स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष विशेष आमंत्रित अतिथियों के रूप में उपस्थित थे। नये जजों के आने के बाद हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़ कर 26 हो गई। इसके बावजूद अब भी 27 पद रिक्त है। हाईकोर्ट में जजों के कुल स्वीकृत पद 53 है।

21अक्तूबर को पटना उच्च न्यायालय के खुलते ही ये सभी जज भी अपना कार्य प्रारंभ कर देंगे।

Tags:    

Similar News