विवादित बयान देने पर गिरिराज सिंह पर मामला दर्ज

Update: 2019-04-26 03:10 GMT

बेगूसराय :  विवादित बयानों के कारण मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले बभाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह पर बेगूसराय में चुनाव आयोग ने एक मामला दर्ज कर लिया है। इतना ही नहीं गिरिराज सिंह के इस बयान को लेकर उनके घटक दल के प्रमुख नेताओं ने आलोचना की है। बयान को लेकर एनडीए के घटक दल जदयू ने भी आपत्ति जतायी है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने गिरिराज के बयान पर कहा है कि इसपर चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए.

दरसाल बुधवार को बेगूसराय के जीडी कॉलेज में आयोजित चुनावी सभा में उन्होंने कहा कि राजद के दरभंगा से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार कहते हैं कि वे वंदेमातरम नहीं बोलेंगे। जबकि उन्हें कब्र के लिए भी तीन हाथ जमीन चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि अगर कब्र के लिए तीन हाथ जमीन चाहिए, तो मुस्लिमों को वंदेमातरम कहना होगा।

गिरिराज ने जब ये कहा था तो उस समय मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत अन्य नेता भी मौजूद थे। संबोधन के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि हमारे पूर्वजों को यहीं सिमरिया घाट में जलाया गया था। उनके लिए अलग से जमीन की जरूरत नहीं थी। परंतु उनलोगों के कब्र के लिए भी तीन हाथ जमीन चाहिए।

गिरिराज सिंह के इस बयान को लेकर गठबंधन के नेताओं ने काफी आलोचना की है।जदयू नेता केसी त्यागी ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे बयान देने वालों की उम्मीदवारी निरस्त कर दी जानी चाहिए, लेकिन चुनाव आयोग के दांत खाने के और हैं, दिखाने के कुछ और। ऐसे बयान पर चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए। वहीं लोजपा नेता चिराग पासवान ने भी कहा है कि हम उनकी भाषा का समर्थन नहीं करते हैं।

गौरतलब हो कि गिरिराज सिंह

का यह कोई पहला विवादित बयान नहीं है। 23 अप्रैल को भी बीहट में आयोजित चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में आयोजित बैठक में भी उन्होंने कहा था कि भारत में रहना है, उसे वंदेमातरम कहना होगा।

Tags:    

Similar News