पटना में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे पर फेंकी गई स्याही, देखिए- VIDEO

जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान ही दो युवकों ने उन पर स्याही फेंक दी और फरार हो गए.

Update: 2019-10-15 09:25 GMT

बिहार की राजधानी पटना में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे पर स्याही फेंकने की घटना सामने आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी चौबे पटना मेडिकल कॉलेज ऐंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में डेंगू पीड़ितों का हाल जानने के लिए पहुंचे थे। बता दें कि अश्विनी चौबे हाल के दिनों में विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। पटना में भारी बारिश को उन्होंने हथिया नक्षत्र से जोड़ा था। इसके साथ ही एक पुलिस कर्मी को भी उन्होंने वर्दी उतरवाने की धमकी दी थी।

मंगलवार को अश्विनी चौबे पटना के पीएमसीएच में भर्ती डेंगू बुखार के मरीजों का हाल जानने के लिए गए थे। इसी दौरान एक शख्स ने अचानक उनके ऊपर स्याही फेंक दी। आरोपी इसके बाद मौके से फरार हो गया। इस बीच मंत्री चौबे ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'सारे मीडिया पर इंक फेंका गया, उसका छींट मुझे लगा। यह स्याही जनता पर, लोकतंत्र पर और लोकतंत्र के स्तंभ पर फेंका गया है। ऐसे लोग निंदनीय हैं, उसकी तीव्र भर्त्सना होनी चाहिए।'

मंत्री अश्विनी चौबे ने आगे कहा, 'स्याही फेंका गया मुझे कष्ट है। उसकी छींट मुझे भी लगी है। ये वही लोग हैं जो अपराधी प्रवृत्ति के हैं। ऐसे लोग ही आज राजनेता बनने की ख्वाहिश में इस प्रकार का छुटभैया का काम कर रहे हैं। '



विवादों से अश्विनी चौबे का नाता

पिछले महीने पटना में भारी बारिश के बाद अश्विनी चौबे ने कहा था, 'बिहार में पिछले कुछ दिनों से जो मूसलाधार बारिश हो रही है यह हथिया नक्षत्र की बारिश है। हथिया नक्षत्र की बारिश बड़ी ही गंभीर हो जाती है। बारिश ने प्राकृतिक आपदा का रूप ले लिया है। सरकार इससे पूरी तरह निपटने के लिए तैयार है।'

सितंबर में ही बक्सर में एक पुलिस वाले को धमकाते हुए अश्विनी चौबे ने कहा था, 'आप बताइए, आप एक पदाधिकारी हो। आप दरोगाजी हो, आपके सरकार का राज है। किसी को गुंडा बता देंगे। यह गुंडाराज है। जो गुंडा है उसकी तो आप गुंडागर्दी ठीक नहीं करते, वह जो सीधा आदमी है, उसे आप गुंडा बता रहे हैं। नोटिस दे देते हैं। इस नोटिस के बदले आप पर कार्रवाई शुरू कर दें तो आप कहां जाओगे? आपकी वर्दी उतर सकती है। अब आप समझ गए। आपकी वर्दी उतर सकती है।' 

Tags:    

Similar News