पूर्व मंत्री का दावा, धोनी संन्यास के बाद भाजपा में होंगे शामिल!

Update: 2019-07-14 06:48 GMT

रांची. महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट की दुनिया को अलविदा कहने के बाद भाजपा में शामिल हो सकते हैं। ये दावा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान ने किया है। एक मीडिया चैनल से बातचीत में पासवान ने कहा कि भाजपा में धोनी को पार्टी में लाने पर लंबे समय से बात चल रही है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले भी धोनी को पार्टी से जोड़ने की कोशिश हुई थी। संपर्क फॉर समर्थन कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने धोनी से मुलाकात की थी। भाजपा की सदस्यता लेने के बाद धोनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टीम का हिस्सा बन सकते हैं, लेकिन यह सब उनके संन्यास लेने के बाद ही होगा। इधर, शनिवार को रांची में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह से पूछा गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली। प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं ने भी इस बारे में अनभिज्ञता जताई। झारखंड में इसी साल विधानसभा चुनाव हैं। इसे लेकर संगठनात्मक मजबूती देने में भाजपा जुट गई है।

धोनी सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे

वर्ल्ड कप से भारतीय टीम के बाहर होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर महेंद्र सिंह धोनी ट्रेंड कर रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं टूर्नामेंट से वापस लौटने के बाद धोनी क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। हालांकि, धोनी ने तो कभी इस बारे में कुछ नहीं कहा, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग इसी तरह रिएक्ट कर रहे हैं जैसे धोनी जल्द ही संन्यास ले लेंगे।

लता मंगेशकर के बाद गीतकार जावेद अख्तर ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। जावेद ने धोनी की खूबियां बताते हुए एक ट्वीट किया और लिखा कि इस बारे में बात भी क्यों करना? जावेद ने लिखा, 'मध्यक्रम बल्लेबाज या फिर एक विकेटकीपर के रूप में धोनी पूरी तरह से भरोसेमंद और जिम्मेदार हैं। विराट भी इस बात को खुशी से स्वीकार करते हैं कि खेल को लेकर धोनी की समझ टीम के लिए हमेशा फायदेमंद रहती है। इस बात को कोई भी देख सकता है कि उनके अंदर अब भी बहुत सा क्रिकेट बाकी है। उनके संन्यास के बारे में बात भी क्यों करना?'

लता मंगेशकर ने भी किया था ट्वीट

इससे पहले गुरुवार को लता मंगेशकर ने भी ट्वीट करते हुए धोनी से संन्यास ना लेने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था, 'नमस्कार एमएस धोनीजी, आजकर मैं सुन रही हूं कि आप रिटायर होना चाहते हैं, कृपया आप ऐसा मत सोचिए, देश को आपके खेल की जरूरत है और ये मेरी भी रिक्वेस्ट है कि संन्यास लेने का विचार भी आप मन में मत लाइए।'

तीन दिन तक ट्विटर पर ट्रेंड करते रहे धोनी

सेमीफाइनल में बुधवार (10 जुलाई) को भारत की हार के बाद से ही धोनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, खासकर ट्विटर पर ट्रेंड करने लगे। यूजर्स इस मैच को उनका आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच बताते हुए उनके रिटायर होने की बात करने लगे और उनसे जुड़ी यादें शेयर करने लगे। इसके बाद अगले तीन दिन तक धोनी ट्विटर ट्रेंड में टॉप थ्री में बने रहे। शुक्रवार को #DhoniInBillionHearts (हैशटैग धोनी इन बिलियन हर्ट्स) ट्रेंड कर रहा था और यूजर्स उनसे संन्यास नहीं लेने की अपील कर रहे थे।

Tags:    

Similar News