बुरे फंसे अर्नब गोस्वामी, मुंबई पुलिस ने दर्ज की एक और FIR

बई पुलिस ने अर्नब गोस्वामी के खिलाफ बुधवार शाम को एक और मामले में एफआईआर दर्ज की है।

Update: 2020-11-04 15:34 GMT

मुंबई : रिपब्लिक टीवी नेटवर्क के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी बुरी तरह से फंसते नजर आ रहे हैं। मुंबई पुलिस ने अर्नब गोस्वामी के खिलाफ बुधवार शाम को एक और मामले में एफआईआर दर्ज की है। इससे पहले, पुलिस ने बुधवार सुबह अर्नब को साल 2018 से जुड़े एक शख्स के खुदकुशी के मामले में उनके मुंबई स्थित घर से गिरफ्तार किया गया था।

अर्नब गोस्वामी के खिलाफ मुंबई पुलिस ने ताजा एफआईआर महिला पुलिस से कथित मारपीट करने के आरोप में दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि जब मुंबई पुलिस की टीम सुबह गोस्वामी को गिरफ्तार करने के लिए उनके घर पहुंची तो उन्होंने पुलिस टीम के साथ मौजूद महिला पुलिस अधिकारियों के संग मारपीट की।



गोस्वामी पर ताजा एफआईआर मुंबई के एनएम जोशी मार्ग पुलिस थाने में दर्ज की गई है। उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 353 (मारपीट या सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकने के लिए बल का इस्तेमाल करना), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 506 (आपराधिक धमकी) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अर्नब गोस्वामी ने पुलिस पर लगाया मारपीट करने का आरोप

इससे पहले, अर्नब गोस्वामी ने मुंबई पुलिस पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। रिपब्लिक टीवी के संपादक अर्नब गोस्वामी ने चोट के निशान दिखाते हुए बुधवार शाम को कहा था कि पुलिसकर्मियों ने मुझे चारों ओर से घेरा, मुझे धक्का दिया। मैं यहां बिना जूते के हूं...मेरे साथ मारपीट की गई है। इस दौरान, उनके आसपास मुंबई पुलिसकर्मी मौजूद थे, जो उन्हें थाने लेकर जा रहे थे। वहीं, अर्नब गोस्वामी के वकील ने भी बताया था कि उनकी गिरफ्तारी की जानकारी उनकी पत्नी को नहीं थी। उनके साथ दो पुलिस अधिकारियों ने मारपीट की। उनके परिवार के सदस्यों को धक्का दिया गया और घर को 3 घंटे के लिए बंद कर दिया गया।

Tags:    

Similar News