यूपी में सामूहिक दुष्कर्म के बाद युवती को जिंदा जलाया, वीडियो सामने आने के बाद केस दर्ज

Update: 2019-11-03 06:12 GMT

अलीगढ़. यहां के चंडौस इलाके में युवती को घर में अकेला पाकर दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने पीड़िता को आग लगा दी। लड़की की चीख सुनकर पड़ोसी पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला 30 अक्टूबर का है। इस घटना का एक वीडियो सामने आया। इसमें पीड़िता आरोपियों के नाम बता रही है। घटना के तीन बाद शनिवार को पुलिस ने केस दर्ज किया। आरोपी फरार हैं।

मां खेत गई थी, तभी घर में दाखिल हुए आरोपी

जानकारी के मुताबिक, चंडौस के चिमनपुर गांव में रहने वाली 22 साल की युवती घर में अकेली थी। मां खेत में काम करने गई थी। इसी दौरान गांव के दो युवक अजय और मनीष अचानक घर में घुस गए। दोनों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया गया। युवती की चीख सुनकर पड़ोसी पहुंचे। पीड़िता बुरी तरह से जल चुकी थी। इस दौरान युवती ने पड़ोसियों को आपबीती सुनाई, जिसका लोगों ने वीडियो बनाया। यह वायरल हो गया है।

सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

एसपी सिटी अभिषेक ने बताया कि मां की तहरीर पर आरोपियों पर दुष्कर्म और हत्या का केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी को साक्ष्य जुटाने और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वायरल वीडियो की भी जांच कराई जाएगी। 

Tags:    

Similar News