Top Stories

Chandrayaan 3: पीएम मोदी ने किया ऐलान, भारत मनाएगा हर साल 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे

India will now celebrate August 23 as National Space Day PM Modi announced
x

पीएम मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों से की मुलाकात।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चांद पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए इसरो के वैज्ञानिकों से मुलाकात कर उनको बधाई दी। पढ़िए पूरी खबर...

Chandrayaan 3: चंद्रयान 3 की सफलता को लेकर पीएम मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। विदेशी दौरे से वापस लौटे पीएम मोदी चंद्रयान 3 मिशन में शामिल वैज्ञानिकों से मुलाकात करने बेंगलुरु स्थित इसरो (ISRO) के कमांड नेटवर्क मिशन कंट्रोल कॉम्प्लेक्स पहुंचे। जहां पीएम मोदी ने चांद पर भारत के मिशन की सफलता की बधाई दी। इस दौरान पीएम मोदी ने घोषणा की कि अब से 23 अगस्त का दिन हर साल नेशनल स्पेस डे के रूप में मनाया जाएगा।

इसरो के वैज्ञानिकों से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मेरी आंखों के सामने 23 अगस्त का वह दिन, वह एक-एक सेकंड बार-बार घूम रहा है। जब टच डाउन कंफर्म हुआ तो जिस तरह यहां इसरो सेंटर समेत पूरे देश में लोग उछल पड़े, वह दृश्य कौन भूल सकता है। कुछ स्मृतियां अमर हो जाती हैं। वह पल मेरे जीवन में अमर हो गया।

23 अगस्त को मनाया जाएगा नेशनल स्पेस डे

इसरो के वैज्ञानिकों से बात करने के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब से हर साल 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे के रूप में मनायेगा। पीएम मोदी ने कहा आज पूरी दुनिया हमारे वैज्ञानिक चेतना और वैज्ञानिक प्रतिभा का लोहा मान चुकी है। पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन में महिला वैज्ञानिकों के योगदान की जमकर तारीफ की।

जहां उतरा लैंडर उसे कहा जाएगा शिवशक्ति प्वाइंट

पीएम मोदी ने चांद की उस जगह का भी नामकरण किया जहां लैंडर विक्रम उतरा। पीएम मोदी ने कहा कि चांद पर जहां मून लैंडर उतरा है, उस जगह को शिवशक्ति प्वाइंट के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि शिव में मानवता के कल्याण का संकल्प समाहित है और शक्ति से हमें उस संकल्प को पूरा करने सामर्थ्य मिलता है।

जहां उतरा चंद्रयान-2, उसे कहा जाएगा तिरंगा प्वाइंट

इसके साथ ही पीएम मोदी ने चांद की सतह पर उस जगह का भी नामकरण किया, जहां चंद्रयान-2 की लैंडिंग हुई थी। पीएम मोदी ने कहा, चंद्रमा के जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने अपने पदचिह्न छोड़े हैं, वो स्थान अब तिरंगा प्वाइंट कहलाएगा। ये तिरंगा प्वाइंट भारत के हर प्यास की प्रेरणा बनेगा।

आपको बता दें कि भारत का चांद मिशन के तहत चंद्रयान 2 को 2019 में चांद पर भेजा गया था, लेकिन आखिरी पलों में यह नियंत्रण खो बैठा और चंद्रमा पर इसकी हार्ड लैंडिंग हुई थी। पीएम मोदी ने कहा, जब चंद्रयान-2 के कदम चांद पर पड़े थे, तो इसके नाम रखने का फैसला किया गया था, लेकिन उस समय परिस्थितियां ऐसी नहीं थी। हमने तब तय किया था कि जब चंद्रयान-3 चांद पर सफलतापूर्वक अपने कदम रखेगा, तो उस जगह के भी नाम का ऐलान किया जाएगा, जहां चंद्रयान-2 का लैंडर उतरा था।

Also Read: WFI की सदस्यता समाप्त होने पर बोले बृजभूषण शरण सिंह, यहां जानें क्या कहा

उद् भव त्रिपाठी

उद् भव त्रिपाठी

इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ मीडिया स्टडीज से स्नातक पूर्ण किया हूं। पढ़ाई के दौरान ही दैनिक जागरण प्रयागराज में बतौर रिपोर्टर दो माह के कार्य का अनुभव भी प्राप्त है। स्नातक पूर्ण होने के पश्चात् ही कैंपस प्लेसमेंट के द्वारा haribhoomi.com में एक्सप्लेनर राइटर के रूप में चार महीने का अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में Special Coverage News में न्यूज राइटर के रूप में कार्यरत हूं। अध्ययन के साथ साथ ही कंटेंट राइटिंग और लप्रेक लिखने में विशेष रुचि है।

    Next Story