आंध्र प्रदेश में अभिनेता पवन कल्याण की जन सेना पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन, बोले- 2024 में हमारी जीत होगी

भाजपा नेता जीवीएल नरसिम्हा राव और पवन कल्याण ने इसकी घोषणा की।

Update: 2020-01-17 05:02 GMT

अभिनेता से राजनेता बने पवन कल्याण की जन सेना पार्टी (जेएसपी) ने गुरुवार को भाजपा के साथ गठबंधन कर लिया। भाजपा नेता जीवीएल नरसिम्हा राव और पवन कल्याण ने इसकी घोषणा की। पवन कल्याण ने कहा, "लोग राज्य में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) और वाईएसआर कांग्रेस की सरकार से तंग आ चुके हैं। वे तीसरे विकल्प की ओर देख रहे हैं। भाजपा-जेएसपी लोगों को वैकल्पिक सरकार देगी। हम साथ में मिलकर 2024 के चुनाव में जीत हासिल करेंगे।" आंध्र प्रदेश में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस भारी बहुमत से सत्ता में आई थी। जेएसपी ने यह चुनाव में वाम दल और बसपा के साथ मिलकर लड़ा था।

नरसिम्हा राव ने कहा कि भाजपा-जेएसपी गठबंधन राज्य की राजनीति को साफ करने के लिए हुआ है। यह एक ऐतिहासिक कदम है। आंध्र प्रदेश में भाजपा का किसी अन्य पार्टी के साथ कोई राजनीतिक संबंध नहीं है। हम जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव में उतरेंगे और विकल्प के तौर पर आगे बढ़ेंगे।



तेदेपा ने 2018 में भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ा था

भाजपा नेता लंका दिनाकरण ने कहा कि राज्य और राष्ट्रहितों को देखते हुए पवन कल्याण के भाजपा में शामिल होने के निर्णय का हम स्वागत करते हैं। उन्होंने तेदेपा और वाईएसआर कांग्रेस पर वंशवाद और भ्रष्ट राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। दिनाकरण ने कहा, "हम जगन मोहन रेड्‌डी सरकार के जनविरोधी फैसले और आंध्र प्रदेश के तीन राजधानी बनाए जाने जैसे प्रस्तावों के खिलाफ लड़ेंगे। हम जेएसपी के साथ न्यूनतम साझा कार्यक्रम के साथ आगे बढ़ेंगे।" तेदेपा पहले भाजपा के साथ गठबंधन में शामिल थी, लेकिन मार्च 2018 में बाहर आ गई। 

Tags:    

Similar News