बिहार में पुल के पिलर और दीवार के बीच फंसा 12 साल का मासूम, दिख रहा हाथ...2 दिन से था लापता, रेस्क्यू जारी
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है..बच्चे को बचाने के लिए दुआ कर रहे हैं ग्रामीण.;
बिहार के रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र में नासरीगंज- दाऊदनगर सोन पुल के पिलर और दीवार के बीच 12 साल का एक लड़का फंस गया है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। प्रशासन द्वारा उसे सुरक्षित निकालने की भरसक कोशिश की जा रही है। करीब दो फुट से भी कम चौड़ी दरार में फंस जाने से किशोर का शरीर आंशिक रूप से दिखाई दे रहा है। किशोर की पहचान खिरीआंव गांव निवासी शत्रुघ्न प्रसाद उर्फ भोला साह के 12 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि किशोर अर्ध विक्षिप्त है तथा घर से दो दिनों से लापता था।
बच्चे को बचाने के लिए दुआ कर रहे हैं ग्रामीण
घटना रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र की है जहां नासरीगंज से दाउदनगर जाने वाली सोन नदी पर स्थित पुल के पिलर नंबर-1 के पास लड़का फंस गया है। गैप के बीच उसका हाथ दिख रहा है। वह दो दिनों से घर से लापता था लेकिन बुधवार को अचानक पता चला कि वह पुल के बीच स्थित पिलर के नीचे फंसा हुआ है जिसके बाद स्थानीय स्तर पर प्रशासन की टीम की मदद से बच्चे को रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है। रात में भी टीम पहुंची थी, लेकिन बच्चे को नहीं निकाला जा सका था। आज सुबह फिर बच्चे को रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है।
नासरीगंज पहुंचे उपेंद्र कुशवाहा
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने नासरीगंज पहुंचकर अधिकारियों से बात की। नासरीगंज के थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि दरार में फंसे किशोर को निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि आज पिलर में होल कर किशोर को निकालने का प्रयास किया जाएगा। दो फुट से भी कम चौड़ी दरार होने के कारण हालांकि रेस्क्यू में काफी परेशानी आ रही है। पिलर पर कबूतर भी अपना बसेरा बनाए हुए हैं, तो संभावना है कि किशोर कबूतर पकड़ने आया हो और दरार में गिर गया हो। उन्होंने बताया कि दरार एक तरफ से खुली हुई है, इससे सिलेंडर और पाइप के जरिए ऑक्सीजन पहुंचाया जा रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे है और किशोर को बचाने के लिए दुआ कर रहे हैं।