बिहार : समस्‍तीपुर में प्रत्‍याशी पर जानलेवा हमला, गोली मारकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश

Update: 2020-11-04 05:39 GMT

बिहार में कल्‍याणपुर सुरक्षित विधानसभा सीट से युवा क्रांतिकारी पार्टी के प्रत्‍याशी सूरज कुमार पर जानलेवा हमला हुआ है। बाइक सवार बदमाश सूरज कुमार को गोली मारकर फरार हो गए। उन्‍हें एक निजी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। सूरज कुमार की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार बदमाश चार की संख्‍या में थे। वे दो बाइकों पर सवार होकर आए थे। प्रत्‍याशी सूरज कुमार को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बिहार में प्रत्याशियों पर हमले से जुड़ा यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले मंगलवार शाम गोगरी थाना क्षेत्र के धनखेता गांव में खगड़िया के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार पर बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। बदमाशों ने उनके वाहन पर फायरिंग की और गोली चला दी। घटना में उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

इसके पहले तीन नवम्‍बर को भी द प्लूरल्स पार्टी के प्रत्याशी डॉ रामेश्वर सिंह पर हमला हुआ था। डॉ रामेश्वर सिंह चुनावी प्रचार के बाद वापस लौट रहे थे तभी कुछ लोगों ने उनके ऊपर स्याही फेंक दी थी। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए थे। हमले में केमिकल का प्रयोग के चलते प्रत्‍याशी रामेश्वर सिंह की आंखों में गंभीर चोटें आ गई थी।उनका कोर्निया क्षतिग्रस्त हो गया।

इससे पहले शिवहर में एक प्रत्याशी की समर्थक समेत गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पूर्णिया में आरएलएसपी के उम्मीदवार पर फायरिंग हुई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। गया में पप्पू यादव की पार्टी के उम्मीदवार पर फायरिंग की गई थी।

Tags:    

Similar News