जहाँ से फैला यह खतरनाक वायरस वह शहर 76 दिन के लॉकडाउन के बाद खुला

Update: 2020-04-08 14:46 GMT

कोरोना महामारी का केंद्र रहे चीन के वुहान शहर से 76 दिन बाद लॉकडाउन हटा दिया गया। बुधवार आधी रात के बाद से वुहान के लोग लॉकडाउन के कैद से आजाद होंगे। कोरोना वायरस के मामले सामने आने के बाद 23 जनवरी को शहर में लॉकडाउन का ऐलान किया गया था, जिसके बाद से शहर की 11 मिलियन आबादी को घरों में कैद होकर रहने को मजबूर होना पड़ा था।

वुहान कोरोना का केंद्र रहा है और इस शहर में घातक वायरस की वजह से 3300 से ज्यादा लोगों की जानें गई हैं। 82 हजार से ज्यादा लोग वुहान में कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। ताजा सरकारी आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते कुछ हफ्तो से शहर में कोरोना के मामलों में तेजी से कमी आई है। मंगलवार को जारी सरकारी आंकड़ों में कोरोना का एक भी केस सामने नहीं आया।

76 दिनों के लॉकडाउन के दौरान वुहान के लोगों को घरों से बाहर निकलने की सख्त मनाही थी। इस दौरान केवल जरूरी कामो के लिए ही बाहर जान की अनुमति थी। शहर की सीमाओ को सील कर दिया गया था।

लॉकडाउन की समाप्ति पर वुहान शहर में यांग्त्जी नदी के किनारे जश्न का आयोजन किया गया। इस दौरान एनिमेटेड इमेजेस की मदद से स्वास्थ्यकर्मियों और कोरोना के मरीजों की तस्वीरें उकेरी गईं। साथ ही वुहान को एक हीरोइक सिटी के तौर पर दर्शाया गया। लोग इस दौरान काफी उत्साहित नजर आए। लॉकडाउन की समाप्ति से पहले शहर के उच्चाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट्स का दौरा किया और यह सुनिश्चित किया कि शहर लॉकडाउन की समाप्ति के लिए पूरी तरह से तैयार है।

Tags:    

Similar News