Shiv Pratap Shukla: 4 बार विधायक, तीन बार केंद्रीय मंत्री रहे शिव प्रताप शुक्ला बने हिमाचल के नए राज्यपाल, जानें- पूरा सियासी सफर

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है।

Update: 2023-02-12 16:24 GMT

Shiv Pratap Shukla: भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने हिमाचल के गवर्नर बदल दिए हैं। अब शिव प्रताप शुक्ला को नया राज्यपाल बनाया गया। मौजूदा गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। हिमाचल के साथ देश के 13 राज्यपाल बदले गए हैं। 

शिव प्रताप शुक्ला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रुद्रपुर के रहने वाले हैं। वह चार बार विधायक, तीन बार केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं। शुक्ला ने अपना सियासी सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से शुरू किया।

साल 1989 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ा। वह 4 बार 1989, 1991, 1993 और 1996 में विधानसभा सदस्य चुने गए। इस दौरान वह उत्तर प्रदेश में मंत्री भी रहे। शिव प्रताप शुक्ला ने 1989 चुनाव प्रचार किया और कांग्रेस के सुनील शास्त्री को हराकर पहली बार उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य चुने गए। अब उन्हें हिमाचल के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुझे जिम्मेदारी दी गई है, मैं इसे पूरा करूंगा -शिव प्रताप शुक्ला

हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से मुझे यह जिम्मेदारी दी गई है। मैं इसे पूरा करूंगा। बता दें कि हाल ही उत्तर प्रदेश के तीन बड़े राजनेताओं को राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व में फागू चौहान और लक्ष्मण चौहान को भी राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

आपातकाल के दौरान गए थे जेल 

देश में लगे आपातकाल के दौरान उन्हें 26 जून, 1975 को जेल भी जाना पड़ा। वह 18 महीने बाद साल 1977 में जेल से छूटे। साल 2002 में विधानसभा चुनाव हार गए। इसके बाद उन्होंने भाजपा के लिए संगठन का काम करना शुरू किया।

हिमाचल के सीएम, डिप्टी सीएम और विस अध्यक्ष ने दी बधाई

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन के व्यापक अनुभव से राज्य और यहां की जनता को लाभ होगा।

जाने आखिर के पांच गवर्नर कब से कब तक रहे

शिव प्रताप शुक्ला फरवरी 2023...

राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर जुलाई 2021 से फरवरी 2023 तक

बंडारू दत्तात्रेय सितंबर 2019 से जुलाई 2021 तक

कलराज मिश्रा जुलाई 2019 से सितंबर 2019 तक

आचार्य देवव्रत अगस्त 2015 से जुलाई 2019 तक

उर्मिला सिंह 25 जनवरी 2010 से 24 जनवरी 2015

Tags:    

Similar News