अफ्रीका: बोत्सवाना में मिला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हीरा

Update: 2015-11-20 07:09 GMT



जोहानिसबर्ग : अफ्रीकी देश बोत्सवाना की एक डायमंड माइन में खुदाई के दौरान 1,111 कैरेट वाला हीरा मिला है। हीरे को खोजने वाली कंपनी ल्यूकैरा के दावे के मुताबिक यह दुनिया का दूसरा बड़ा और इस सदी का सबसे बड़ा हीरा है। हालांकि, अब तक इसका प्राइज वैल्यूएशन नहीं किया जा सका है।

कंपनी के मुताबिक, उसे यह हीरा कारोवे माइन में खुदाई के दौरान मिला। माइनिंग और कमोडिटी एनालिस्ट कायरोन हॉडसन का कहना है कि ये दुनिया के सबसे मंहगे हीरों में से एक हो सकता है। हीरे की क्वालिटी बहुत बढ़िया है। इसकी कीमत कटिंग, शेप और फाइनल कलर के बाद ही तय की जा सकती है।

ल्यूकैरा ने कहा है कि इसके अलावा 813 कैरट का वाइट डायमंड और 374 कैरट का स्टोन भी खान में से मिला है। कंपनी के अधिकारियों ने कहा है कि तीन बड़े हीरे मिलने से यह सप्ताह उनके लिए खास हो गया है। अप्रैल में न्यू यॉर्क में 100 कैरट का एक हीरा 2.21 करोड़ डॉलर का बिका था। इस हीरे को काटने, पॉलिश करने और परफेक्ट बनाने में एक साल से ज्यादा का समय लगा था।

आपको बता दें दुनिया का सबसे बड़ा हीरा दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया के पास 1905 में खोजा गया था। इसका नाम कलिनन और वजन 3106 कैरेट था।

Similar News