महाराष्ट्र में बारिश का कहर : पुणे में 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट, 10 की मौत; स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी

महाराष्ट्र के पुणे स्थित सहकार नगर में बुधवार रात भारी बारिश के चलते दीवार गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई।

Update: 2019-09-26 05:18 GMT

मुंबई : महाराष्ट्र के पुणे स्थित सहकार नगर में बुधवार रात भारी बारिश के चलते दीवार गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, तेज बहाव में बहने के चलते 3 की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मलबे में अभी कुछ लोग दबे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने आज सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं।

पुणे में पिछले कई घंटे से भारी बारिश जारी है, जिसके कारण शहर के कात्रज, बीबेवाड़ी, सिंहगढ़ और सहकार नगर इलाकों में पानी भर गया। शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव के कारण बिजली आपूर्ति भी ठप रही। एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

पेड़ गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त, बीबेवाड़ी जाने वाला पुल टूटा

भारी बारिश से कई जगहों पर पेड़ और पोल गिर गए, जिससे गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। लेक टाउन से बीबेवाड़ी जाने वाला पुल भी टूट गया। हालात को देखते हुए पुणे के कलेक्टर ने पुणे शहर के अलावा पुरंदर, बारामती, भोर और हवेली तहसील में स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी कर दी है।

पुणे में 4 महीने पहले दीवार गिरने से 15 की मौत हो गई थी

इससे पहले जून महीने में पुणे के कोंडवा इलाके में दीवार गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। ये सभी बिहार से मजदूरी करने यहां आए थे। घटना के बाद बिल्डर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

Tags:    

Similar News