सिद्धार्थनगर के रहने वाले अभिनेता अकबर रिजवी का मुंबई में निधन, लोगों में शोक की लहर
अकबर रिजवी सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज के हल्लौर के रहने वाले थे।;
सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज के हल्लौर कस्बे से निकलकर माया नगरी मुंबई में कई फिल्मों में सह अभिनेता के रूप में कार्य कर चुके अकबर रिजवी का मुंबई में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से गांव में शोक की लहर है। इसके साथ फिल्म जगत को भी बड़ी क्षति बताई गई।
हेलो ब्रदर,जोधा अकबर जैसी फिल्मों में काम कर चुके थे
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के हल्लौर कस्बे के निवासी रहे अकबर रिजवी (62) ने सह अभिनेता के तौर पर अब तक बादशाह, प्यार तो होना ही था, हेलो ब्रदर, गाड एंड गन, फिर भी दिल है हिंदुस्तानी, जोधा अकबर, गंगा जैसन भौजी हमार तथा मशहूर टीवी सीरियल आहट, घर संसार, एक्स जोन जैसे धारावाहिकों में विभिन्न तरह के किरदार निभाए थे।
मधुमेह से ग्रसित थे रिजवी
अकबर रिजवी पिछले कई माह से मधुमेह और हाई ब्लड प्रेशर की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें कई बार डायलिसिस भी कराया गया था। शनिवार की शाम करीब चार बजे उनका रक्तचाप बहुत कम हो जाने और किडनी फेल हो जाने से निधन हो गया। उनकी मौत की खबर से हल्लौर सहित क्षेत्र में में शोक की लहर दौड़ गई गई है। उनके निधन पर साहित्यकारों रंगकर्मियों और सिनेमा प्रेमियों ने शोक जताया है।