BBC Documentary: PM मोदी पर बनी BBC डॉक्यूमेंट्री की हैदराबाद यूनिवर्सिटी में हुई स्क्रीनिंग, JNU में लगी रोक

BBC Documentary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बीबीसी द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंट्री "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" को यूट्यूब और ट्विटर पर पहले ही ब्लॉक कर दिया गया है। इसके बाद भी हैदराबाद यूनिवर्सिटी में छात्रों को बीबीसी की ये डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई है।

Update: 2023-01-24 07:01 GMT

BBC Documentary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर बीबीसी (BBC) द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंट्री "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" (India: The Modi Question) को यूट्यूब और ट्विटर पर पहले ही ब्लॉक कर दिया गया है। इसके बाद भी हैदराबाद यूनिवर्सिटी (Hyderabad University) में छात्रों को बीबीसी की ये डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई है। इसके लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अधिकारियों के पास एक शिकायत भी दर्ज कराई है। एबीवीपी का आरोप है कि छात्रों ने परिसर में बीबीसी द्वारा बनाई गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डॉक्यूमेंट्री देखी है। वहीं, दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में भी बीबीसी की ये डॉक्यूमेंट्री दिखाई जानी थी। लेकिन यहां ये कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

हैदराबाद यूनिवर्सिटी में अधिकारी इस डॉक्यूमेंट्री को दिखाए जाने को लेकर जांच कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, कैंपस के अंदर बीबीसी की डॉक्युमेंट्री "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" (India: The Modi Question) की स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया था। इस मामले में पुलिस का कहना है कि इस संबंध में संज्ञान लिया गया और मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा जेएनयू ने छात्रों के एक समूह द्वारा "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" की 24 जनवरी के लिए तय की गई स्क्रीनिंग को रद्द करने का फैसला किया। यहां जेएनयू प्रशासन का कहना है कि इससे कैंपस की शांति भंग हो सकती है और माहौल भी खराब हो सकता है।

डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर पंपलेट बांटे गए

जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर पंपलेट बांटे गए थे। इतना ही नहीं छात्र संघ की अध्यक्ष आइशी घोष ने भी विवादित डॉक्‍यूमेंट्री का पोस्टर शेयर किया। उन्होंने इसकी स्क्रीनिंग का पोस्टर भी शेयर किया था। उनकी पोस्ट वायरल होने के बाद ही जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके बाद जेएनयू कैंपस में इसकी स्क्रीनिंग के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया।

गुजरात दंगों पर आधारित है बीबीसी की ये डॉक्यूमेंट्री

दरअसल, बीबीसी की "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" डॉक्यूमेंट्री को लेकर भारत में विवाद खड़ा हो गया था। केंद्र सरकार की शिकायतों के बाद इसे यूट्यूब और ट्विटर पर ब्लॉक भी कर दिया गया था। हालांकि, कई डार्क वेबसाइट्स पर यह डॉक्यूमेंट्री अभी भी मौजूद है। बीबीसी की ये डॉक्यूमेंट्री गुजरात दंगा 2002 पर आधारित है, जिस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे।

Tags:    

Similar News