'इस्कॉन सबसे बड़ा धोखेबाज, कसाइयों को बेचता है गाय' - बीजेपी सांसद मेनका गांधी के बयान से हड़कंप!
मेनका गांधी के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।;
बीजेपी सांसद मेनका गांधी ने ISKON पर एक ऐसा बयान दिया है जिसके बाद हड़कंप मच गया है. मेनका गांधी ने कहा तीखा हमला बोला है उन्होंने कहा है कि इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शसनेस (इस्कॉन) देश में "सबसे बड़ा धोखा" है क्योंकि यह अपनी गौशालाओं से गायों को कसाइयों को बेचता है। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बता दें कि मेनका गांधी एक पशु अधिकार कार्यकर्ता भी हैं।
वहीँ दुनिया के सबसे प्रभावशाली कृष्ण संप्रदाय, इस्कॉन ने आरोपों को "निरर्थक और झूठा" कहकर खारिज कर दिया।इस्कॉन के प्रवक्ता युद्धिष्ठर गोविंदा दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'इस्कॉन न केवल भारत में बल्कि विश्व स्तर पर गाय और बैल की सुरक्षा और देखभाल में सबसे आगे रहा है. हमारे यहां गायों और बैलों की जीवनपर्यंत सेवा की जाती है, न कि उन्हें कसाइयों को बेचा जाता है, जैसा कि आरोपों में कहा गया है.'
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा सांसद ने आंध्र प्रदेश की गौशाला का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह ISKCON की अनंतपुर गौशाला गईं थीं, जहां एक भी ऐसी गाय नहीं मिली जो दूध नहीं देती। साथ ही पूरी डेयरी में कोई बछड़ा नहीं था। उन्होंने कहा, 'डेयरी में एक भी दूध नहीं देने वाली गाय नहीं थी। एक भी बछड़ा वहां नहीं था। इसका मतलब है कि सभी को बेच दिया गया।'
उन्होंने आरोप लगाए, 'ISKCON अपनी सभी गायों को कसाइयों को बेच रहा है। उनके जितना कोई भी यह काम नहीं करता और सड़कों पर गाते हैं कि 'हरे राम हरे कृष्णा'। इसके बाद कहते हैं कि उनका पूरा जीवन दूध पर ही निर्भर है। शायद उनके जितनी गायों को कसाइयों को कोई और नहीं बेचता होगा।'
खबर है कि मेनका गांधी का यह इंटरव्यू करीब एक महीने पुराना है। कहा जा रहा है कि 'मां का दूध' नाम से डॉक्युमेंट्री बनाने वाली डॉक्टर हर्षा आत्मकुरी ने भाजपा सांसद से बात की थी।