Lok Sabha Election 2024: भाजपा का भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के खिलाफ बड़ा एक्शन, पार्टी ने एक्टर को किया निलंबित

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के बीच भाजपा ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को पार्टी से निकाल दिया है। पवन सिंह काराकाट लोकसभा सीट से एनडीए उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

Update: 2024-05-22 08:40 GMT

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के बीच भाजपा ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को पार्टी से निकाल दिया है। पवन सिंह काराकाट लोकसभा सीट से एनडीए उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। उनके ऊपर अनुशासनहीनता और दल विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे हैं जिसके बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी के आदेश से उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया।

निष्कासन आदेश में लिखी ये बात

बिहार भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा की ओर से जारी निष्कासन आदेश में लिखा हुआ है, 'पवन सिंह लोकसभा चुनाव में एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उनका यह कार्य दल विरोधी है। उन्होंने यह कार्य पार्टी अनुशासन के विरुद्ध किया है, जिससे पार्टी की छवि धुमिल हुई है। उन्हें दल विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण प्रदेश अध्यक्ष के आदेशानुसार भाजपा से निष्कासित किया जाता है।'

आसनसोल सीट से दिया था टिकट

बता दें, लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिसमें 195 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। इसमें भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह का नाम भी शामिल था। पवन सिंह को भाजपा ने पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से उतारा था वहीं 24 घंटे के अंदर पवन सिंह ने आसनसोल संसदीय सीट से चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। इसके कुछ दिन बाद पवन सिंह ने ऐलान किया कि वो काराकाट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'माता गुरुतरा भूमेरू। अर्थात माता इस भूमि से कहीं अधिक भारी होती हैं और मैंने अपनी मां से वादा किया था की मैं इस बार चुनाव लड़ूंगा।

मैंने निश्चय किया है कि मैं 2024 का लोकसभा चुनाव काराकाट, बिहार से लड़ूंगा। जय माता दी। जिसके बाद भाजपा द्वारा ये बड़ा एक्शन लिया गया। बिहार की काराकाट सीट पर सातवें और अंतिम चरण में यानी 1 जून को वोटिंग होनी है। वहीं लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे 4 जून को घोषित होंगे।

Tags:    

Similar News