No Confidence Motion : लोकसभा में ध्वनिमत से अविश्वास प्रस्ताव खारिज, पढ़िए- PM मोदी के भाषण की मुख्य बातें
मोदी सरकार के खिलाफ अब तक दो बार अविश्वास प्रस्ताव लाया जा चुका है. दूसरे कार्यकाल में यह पहला अविश्वास प्रस्ताव है.;
No-Confidence Motion : अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में गुरुवार को जोरदार चर्चा हुई. अंत में हुई वोटिंग में विपक्षी गठबंधन का अविश्वास प्रस्ताव गिर गया और इसमें मोदी सरकार की जीत हुई. इससे पहले पीएम मोदी ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की. इसमें उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. शाम को विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. का अविश्वास प्रस्ताव गिर गया, इसमें मोदी सरकार की जीत हुई. इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की. इस दौरान पीएम ने I.N.D.I.A. गठबंधन को घमंडिया गठबंधन कहा. इसी के साथ राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा.
पीएम मोदी के संबोधन के बाद लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग हुई. अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से गिर गया. इसके बाद संसद को 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया. राज्यसभा की कार्यवाही भी शुक्रवार सुबह 11 बजे तक स्थगित हो गई है. शुक्रवार को लोकसभा में मणिपुर पर चर्चा होगी. इसके बाद संसद के दोनों सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा. क्योंकि संसद के मॉनसून सत्र का शुक्रवार 11 अगस्त को आखिरी दिन है.
अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में बहुमत के लिए सदन में मौजूद सदस्यों में 50% से 1 अधिक होना चाहिए. लोकसभा में बीजेपी के303 सदस्य हैं. सहयोगियों को मिलाकर आंकड़ा 333 होता है. YSR, BJD और TDP ने भी समर्थन का वादा किया है. वहीं, कांग्रेस के 51 सदस्य हैं. INDIA गठबंधन को मिलाकर सांसदों की संख्या 143 है. हालांकि, अविश्वास प्रस्ताव के लिए ऑटोमैटिक मशीन या पेपर वोटिंग की जरूरत नहीं पड़ी. ध्वनिमत से ही अविश्वास प्रस्ताव गिर गया. सदन में मोदी सरकार की जीत हुई. साबित हो गया कि मोदी सरकार को संसद में बहुमत हासिल है.
संसद में अब तक 27 बार लाया गया अविश्वास प्रस्ताव
मोदी सरकार के खिलाफ अब तक दो बार अविश्वास प्रस्ताव लाया जा चुका है. दूसरे कार्यकाल में यह पहला अविश्वास प्रस्ताव है. देश की संसद में अब तक 27 बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया. पहला प्रस्ताव 1963 में चीन युद्ध के बाद तत्कालीन पीएम नेहरू सरकार के खिलाफ लाया गया था.
लोकसभा में विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव (Opposition No-Confidence Motion) पर लगातार तीन दिन चर्चा के बाद गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने जवाब दिया. 2 घंटे 12 मिनट के भाषण में पीएम मोदी ने विपक्ष पर कई कड़े प्रहार किए.
उन्होंने विपक्षी गठबंधन INDIA पर भी चुकी ली. पीएम ने कहा- 'यूपीए को लगता है कि देश के नाम का इस्तेमाल कर विश्वसनीयता बढ़ाई जा सकती है. ये इंडिया गठबंधन नहीं है. ये घमंडिया गठबंधन है. इसकी बारात में हर कोई दूल्हा बनना चाहता है. सबको प्रधानमंत्री बनना है.
पीएम मोदी ने किया तीन घटनाओं का जिक्र
विपक्षी दलों ने कहा था कि मोदी ने नॉर्थ ईस्ट को देश का हिस्सा नहीं माना. इसपर पलटवार करते हुए मोदी ने तीन घटनाओं का जिक्र किया.
मोदी ने कहा कि पांच मार्च 1966, कांग्रेस ने मिजोरम में असहाय नागरिकों पर अपनी वायुसेना से हमला करवाया था. क्या मिजोरम के लोग भारत के नागरिक नहीं थे, निर्दोष नागरिकों पर कांग्रेस ने हमला करवाया था. आज भी पांच मार्च को पूरा मिजोरम शोक मनाता है. कांग्रेस ने इस सच को छिपाया, कभी घाव भरने की कोशिश नहीं की. इस वक्त इंदिरा गांधी पीएम थीं. अकाल तख्त पर हमला सबको याद है, लेकिन ऐसे हमले पहले ही शुरू हो गए थे.
दूसरी घटना 1962 की है. वह खौफनाक प्रसारण याद है. देश पर चीन का हमला हो रहा था. लोगों को मदद की आस थी. ऐसी विकट घड़ी में पंडित नेहरू ने कहा था कि my heart goes out to the people of Assam. नेहरू ने वहां के लोगों को भाग्य पर जीने के लिए छोड़ दिया था.
मोदी आगे बोले कि जो लोग अपने आप को लोहिया का वारिस करते हैं. लोहिया ने नेहरू पर आरोप लगाते हुए कहा था कि नेहरू जान बूझकर नॉर्थ ईस्ट का विकास नहीं कर रहे. उस जगह को हर तरह के विकास से वंचित रखा गया है.
मोदी ने आगे कहा कि जहां पर एक-दो लोकसभा सीट होती थीं उनकी तरफ कांग्रेस का ध्यान नहीं रहा. लेकिन हमारे लिए नॉर्थ ईस्ट जिगर का टुकड़ा है. मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट, मणिपुर की मौजूदा स्थिति की वजह कांग्रेस है.
राहुल के भाषण का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि बहुत बार बुरा बोलने के इरादे में भी सच निकल जाता है. लंका हनुमान ने नहीं जलाई, उनके (रावण) घमंड ने जलाई. जनता भी भगवान राम का रूप है, इसलिए 400 से 40 (कांग्रेस के सांसद) हो गए हैं.
मोदी ने कहा कि कभी कांग्रेस नेताओं के जन्मदिन पर हवाई जहाज में केक काटे जाते हैं, लेकिन अब उस हवाई जहाज में गरीब के लिए वैक्सीन जाता है. एक जमान था कि ड्राईक्लीन के लिए कपड़े हवाई जहाज से आते है. आज हवाई चप्पल वाला गरीब हवाई जहाज में उड़ रहा है.
कभी छुट्टी मनाने, मौज मस्ती के लिए नौसेना के युद्धपोत को मंगवा लेते थे. लेकिन अब उन जहाजों में दूर फंसे भारतीय को लाया जाता है.