भारतीय सीमा में तीन मिनट तक मंडराते रहे चीनी हेलीकॉप्टर, जांच के आदेश

Chinese helicopter hovering for three minutes in Indian territory

Update: 2017-06-04 07:41 GMT
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में भारतीय सीमा में दो चीनी हेलीकॉप्टरों की घुसपैठ का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बाड़ाहोती क्षेत्र में ये हेलीकॉप्टर करीब तीन मिनट तक मंडराते रहे। हालांकि चमोली की पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने घुसपैठ से इनकार करते हुए कहा कि संभवत: हेलीकॉप्टर रास्ता भटक गए।

चमोली में चीन से जुड़ी भारतीय सीमा घुसपैठ की दृष्टि से संवेदनशील मानी जाती है। विशेष बाड़ाहोती क्षेत्र। बाड़ाहोती 80 वर्ग किलोमीटर में फैला चारागाह है जहां पर स्थानीय लोग अपने जानवरों को लेकर आते हैं। इन दिनों भी स्थानीय चरवाहे इस क्षेत्र में मवेशियों के साथ डेरा डाले हैं। सूत्रों के अनुसार इन लोगों ने शनिवार सुबह चीन सीमा की ओर से दो हेलीकॉप्टर आते देखे। कुछ देर मंडराने के बाद दोनों वापस लौट गए। इस पर उन्होंने राजस्व पुलिस को सूचना दी। सूत्रों के अनुसार आइटीबीपी के जवानों ने क्षेत्र का जायजा भी लिया।

भारतीय क्षेत्र में हेलीकॉप्टर घुसने का यह पहला मौका नहीं है। वर्ष 2014 में भी इसी इलाके में चीन का विमान देखा गया था। इसके बाद जुलाई 2016 में चीनी सेना की घुसपैठ को लेकर चमोली सुर्खियों में रहा था। क्षेत्र के निरीक्षण को गई राजस्व टीम से चीनी सेना का सामना हुआ था। सैनिकों ने टीम को लौट जाने का इशारा भी किया। इसकी रिपोर्ट केंद्र सरकार को भी भेजी गई थी। इसके अलावा वर्ष 2015 में चीनी सैनिकों द्वारा चरवाहों के खाद्यान्न को नष्ट करने की घटना भी सामने आई थी।

Similar News