किसानों की कर्ज माफी राहुल गांधी की मेहनत का परिणाम - राज बब्बर

Update: 2017-04-05 06:53 GMT
File Photo
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को पहली कैबिनेट बैठक में कर्जमाफी संबंधित वादा पूरा करते हुए किसानों का 1 लाख रुपए तक का कर्जा माफ कर दिया है। इसी क्रम में योगी कैबिनेट के इस फैसले पर यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर का बयान सामने आया है।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा यूपी में किसानों की कर्ज माफी राहुल गांधी की मेहनत का परिणाम है। लेकिन राज बब्बर ने आंशिक कर्जमाफी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने यूपी में शराबबंदी की मांग का स्वागत किया है। वहीं राजबब्बर ने लखनऊ, इलाहाबाद के नाम बदलने की मांग पर सुब्रमण्यम स्वामी पर तंज कसते हुआ कहा 'सुब्रमण्यम स्वामी को सुर्खियों में रहने की कवायद है।'

इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का बयान सामने आया था, उन्होंने योगी सरकार के कर्जमाफी के फैसले को किसानों के लिए आंशिक राहत बताते हुए सराहना की है। उन्होंने ट्विट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए आंशिक राहत है, लेकिन सही दिशा में उठाया गया कदम है।

बता दें यूपी सरकार के इस फैसले से करीब 2.25 करोड़ किसानों को लाभ होगा। कर्ज माफ़ी के लिए योगी सरकार किसानों को 36 हज़ार करोड़ रुपए देगी।

Similar News