बीजेपी से दोनों सिन्हा को निकालो, मंत्री ना बन पाने का मलाल - सांसद बीजेपी
बलिया
यूपी बलिया जिले की सलेमपुर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद रवींद्र कुशवाहा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा को पार्टी से निकालने की मांग की। सांसद ने कहा, मंत्री न बन पाने के कारण दोनों नेता अनर्गल बयान देकर बीजेपी को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
कुशवाहा ने किया हमला
बिहार सीमा से सटे जिले की सलेमपुर सीट से सांसद कुशवाहा ने यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा पर तीखे हमले किये। उन्होंने कहा कि दोनों नेता केंद्रीय मंत्री न बन पाने की वजह से कुंठित हैं और पूर्वाग्रहवश पार्टी और सरकार को लेकर गलत बयान दे रहे हैं।
पूर्व मंत्री सिन्हा पर कसा तंज
कुशवाहा ने कहा कि दल के केंद्रीय नेतृत्व को अब बिना बिलंब के दोनो नेताओं को दल से बाहर कर देना चाहिए। वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सिन्हा ऐसा समझते है कि वह मंत्री बन गए होते तो राम राज ला देते। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि सिन्हा के बेटे केंद्र में राज्य मंत्री है। फिर भी उनको संतोष नहीं है।
शत्रुघ्न पर बोले
सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सिन्हा बिहार चुनाव के समय से ही दल के लिए आत्मघाती बयान दे रहे है।
मोदी सरकार करती है सवांद
यशवंत सिन्हा के बयान पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यह कहना गलत है कि मोदी सरकार में संवादहीनता की स्थिति है। उन्होंने इसके साथ ही जोड़ा कि मोदी सरकार बढ़िया काम कर रही है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भी देश के सबसे लोकप्रिय नेता हैं।