योगेंद्र प्रशांत कूदे चुनावी जंग में, केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ी

Update: 2016-01-20 03:00 GMT


नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी से निष्कासित नेता योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण अपनी नई राजनीतिक पार्टी बना रहे हैं। साथ ही वर्ष 2017 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने की योजना बना रहे हैं। दोनों नेताओं ने ऐसे समय पर यह फैसला लिया है जब आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी को पंजाब में चुनाव जिताने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। आप से निकलने के बाद दोनों ने स्वराज अभियान नाम से एक संस्था बनाई थी। जिसके द्वारा पुरे देश में किसानों की समस्या को लेकर यात्रा निकल चुके है जिसमें स्वराज अभियान को पुरे देश की किसानों ने अपना समर्थन दिया।


स्वराज अभियान के वरिष्ठ नेता का कहना है कि हम लोग जल्द ही राजनीतिक पार्टी बनाने जा रहे हैं, लेकिन इसके लिए अभी कोई तारीख तय नहीं हुई है। जबकि हम लोग पंजाब विधानसभा चुनाव लडऩे के बारे में गंभीरता से सोच रहे हैं। स्वराज अभियान अभी गैर राजनीतिक संस्था है और हम लोग अगले महीने पार्टी लॉन्च करने की नहीं सोच रहे हैं। अभी संस्था ने पंजाब के खडूर साहिब विधानसभा सीट पर अगले महीने वाले उपचुनाव में संगीतकार भाई बलदीप सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। सिंह स्वतंत्र रूप से उस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और हम लोग उन्हें जिताने के लिए पूरी दम लगा देंगे। यादव और संस्था के अन्य सदस्य अगले महीने से सिंह के लिए प्रचार कर सकते हैं।


बलदीप सिंह को समर्थन देने का फैसला संस्था द्वारा रविवार को लिया गया। उन्होंने साल 2014 में खडूर साहिब से आप की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वे चुनाव हार गए थे। साथ ही संस्था के नेता ने कहा कि हमें कहीं से तो शुरुआत करनी थी। हमारे पास खडूर साहिब सीट से उम्मीदवार है जो कि क्षेत्र को अच्छे से समझते हैं। इसके साथ ही वे क्षेत्र के मशहूर चेहरे भी हैं।


वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी भी राज्य में जीत के लिए पूरी कोशिश कर रही है। पिछले सप्ताह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज्य में मैगा रैली की थी।

Similar News