बीजेपी ने जारी किया पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का यह पुराना वीडियो

बीजेपी ने जारी किया पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का यह पुराना वीडियो

Update: 2019-12-19 13:03 GMT

नई दिल्‍ली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जारी हिंसक प्रदर्शन के बाद अब वामपंथी दलों ने भारत बंद बुलाया है। इसका समर्थन कांग्रेस समेत कई अन्‍य विपक्षी दल कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस को घेरने के लिए बीजेपी एक वीडियो लेकर आई है। ये वीडियो साल 2003 का है जब पूर्व पीएम मनमोहन सिंह राज्‍यसभा में नागरिकता को लेकर अपना बयान दिया था। वीडियो में मनमोहन सिंह बांग्लादेश में धार्मिक आधार पर हिंसा के शिकार हुए शरणार्थियों के लिए सरकार को सहानुभूतिपूर्ण रवैया रखने का सुझाव दे रहे हैं। वो इस कानून के पक्ष में ही अपनी बात रख रहे थे।

वीडियो में मनमोहन सिंह तत्कालीन गृहमंत्री और उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी से कहते हुए दिखे रहे हैं कि 'मैं शरणार्थियों के संकट को आपके सामने रखना चाहता हूं। बंटवारे के बाद हमारे पड़ोसी देश बांग्लादेश में धार्मिक आधार पर नागरिकों का उत्पीड़न किया गया। अगर ये प्रताड़ित लोग हमारे देश में शरण के लिए पहुंचते हैं तो इन्हें शरण देना हमारा नैतिक दायित्व है। इन लोगों को शरण देने के लिए हमारा व्यवहार उदारपूर्ण होना चाहिए। मैं गंभीरता से नागरिकता संशोधन विधेयक की ओर डेप्युटी पीएम का ध्यान इस ओर दिलाना चाहता हूं।'

गौरतलब हो कि कांग्रेस धार्मिक आधार पर शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए केंद्र सरकार पर हमला बोल रही है। अन्य विपक्षी दलों द्वारा भी इस कानून का विरोध किया जा रहा है। ऐसे समय में पूर्व पीएम का राज्यसभा में दिए बयान को भाजपा निकाल लाई है। अब मनमोहन सिंह के इस बयान पर राजनीतिक घमासान होना तय माना जा रहा है। भाजपा ने यह वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है।



Tags:    

Similar News